इजरायल पर ईरान के बड़े हमले के बाद औंधे मुंह गिरे तेल के दाम, इतनी कम हो गई कीमत
Updated on
15-04-2024 01:19 PM
नई दिल्ली: इजरायल पर ईरान के हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आने का अंदेशा जताया जा रहा था। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच तेल की कीमतों पर इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही थी। एनालिस्टों का अनुमान है कि अगर यह युद्ध बड़ा रूप लेता है तो ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकता है। हालांकि इन सबसे बीच क्रूड ऑयल की कीमतों में एशियाई बाजार में गिरावट आई है। ईरान की कार्रवाई की उम्मीद में कीमतें पहले ही बढ़ गई थीं, पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड छह महीने के उच्च स्तर के करीब पहुंच गया था। जानकारों के मुताबिक, तेल बाजार को इस समय किसी भी अतिरिक्त आपूर्ति खतरे को ध्यान में रखने की आवश्यकता नहीं दिख रही है।" उन्होंने कहा कि ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर के निशान से नीचे गिर सकता है, लेकिन व्यापारियों के गाजा और यूक्रेन में संघर्षों से जुड़े जोखिमों पर ध्यान केंद्रित रहने के कारण एक बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। विश्लेषकों ने यह भी कहा कि हमले पर इज़राइल की प्रतिक्रिया आने वाले दिनों और हफ्तों में वैश्विक बाजारों के लिए महत्वपूर्ण होगी।