एयर इंडिया ने अमेरिका के इस शहर के लिए शुरू की डाइरेक्ट फ्लाइट, 16 घंटे में पहुंच जाएंगे
Updated on
03-12-2022 04:56 PM
नई दिल्ली: भारतीय महानगर बेंगलुरु से अब अमेरिकी शहर सैन फ्रांसिस्को की सीधी फ्लाइट ले सकते हैं। टाटा ग्रुप (Tata Group) की कंपनी एयर इंडिया (Air India) ने यह सेवा शुरू की है। कंपनी ने शुक्रवार को बेंगलुरु से सैन फ्रांसिस्को की सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू कर दी है। इसके साथ एयरलाइन की विभिन्न भारतीय और अमेरिकी शहरों के बीच हर सप्ताह 37 डाइरेक्ट फ्लाइट्स हो गए हैं। टाटा समूह ने इस साल जनवरी में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। उसके बाद से वह लगातार अपने नेटवर्क और बेड़े का विस्तार कर रहा है।एयरलाइन ने बयान में कहा कि वह बेंगलुरु से सैन फ्रांसिस्को की सीधी उड़ान फिर शुरू कर रही है। इस उड़ान का परिचालन सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, रविवार और बुधवार को होगा। इस फ्लाइट सर्विस के लिए एयरलाइन ने बोइंग 777-200 एलआर विमान का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। यह फ्लाइट शुक्रवार से शुरू हो गई है। एयर इंडिया ने इससे पहले बेंगलुरु-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट का संचालन 20 मार्च, 2022 को किया था।