पाकिस्तान से 400 हिंदुओं की अस्थियां भारत पहुंचीं:8 वर्षों से श्मशान में मोक्ष प्राप्ति के इंतजार में थीं; महाकुंभ योग में वीजा मिला

Updated on 04-02-2025 12:50 PM

पाकिस्तान में कराची के पुराने गोलिमार क्षेत्र के हिंदू श्मशान घाट में वर्षों से अस्थि कलशों में रखीं 400 हिंदू मृतकों की अस्थियां सोमवार (3 फरवरी) को अमृतसर के वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत पहुंचीं। ये अस्थियां करीब 8 साल से श्मशान में रखी थीं। परिजन को इन्हें गंगा में प्रवाहित करने का इंतजार था।

महाकुंभ योग में भारत का वीजा मिलने के बाद रविवार (2 फरवरी) को कराची के श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष प्रार्थना सभा हुई। इसके बाद परिजन ने अस्थियों को अंतिम विदाई दी, ताकि मोक्ष के लिए इन्हें गंगा में विसर्जित किया जा सके।

इससे पहले, बुधवार (29 जनवरी) को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुराने कराची के गोलिमार श्मशान घाट पहुंचे थे, जहां अस्थि कलशों के लिए विशेष प्रार्थना की गई। जिन परिवारों को अपने प्रियजनों की अस्थियां हरिद्वार में विसर्जित करनी थीं, वे श्मशान घाट पहुंचे, क्योंकि भारत में अस्थि विसर्जन के लिए श्मशान घाट की पर्ची और मृतक का मृत्यु प्रमाणपत्र अनिवार्य था।

कुंभ के दौरान भारत सरकार ने जारी किए वीजा कराची के निवासी सुरेश कुमार अपनी मां सील बाई की अस्थियों को हरिद्वार ले जाने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बीते सप्ताह तब राहत की सांस ली, जब उन्हें पता चला कि भारत सरकार ने 400 हिंदू मृतकों की अस्थियों के लिए वीजा जारी कर दिया है। उनकी मां की मृत्यु 17 मार्च 2021 को हुई थी, और परिवार ने उसी समय भारत के वीजा के लिए आवेदन किया था, लेकिन मंजूरी मिलने में काफी देरी हुई।

सुरेश ने बताया कि उन्होंने महाकुंभ का इंतजार करने का फैसला किया था, जो हर 144 साल में एक बार आता है। यह 12 कुंभ मेलों के पूरे होने का प्रतीक है और इस बार यह 13 जनवरी से 26 फरवरी के बीच हो रहा है, जिससे हमारे धार्मिक और अंतिम संस्कार से जुड़े अनुष्ठान पूरे करने के लिए हमें 45 दिनों की अवधि मिल रही है।

गंगा में विसर्जन ही प्राथमिकता सुरेश कुमार ने कहा कि यदि वीजा नहीं मिलता तो वह सिंधु नदी में भी अस्थियों का विसर्जन कर सकते थे, लेकिन गंगा ही उनका पहला विकल्प थी। हिंदू धर्म में गंगा पवित्र नदी है, जो हिमालय से सीधे प्रवाहित होती है और मोक्ष के लिए इसकी धारा शुद्ध मानी जाती है।

श्रीराम नाथ मिश्रा के प्रयासों से भारत पहुंचीं अस्थियां कराची में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष श्रीराम नाथ मिश्रा महाराज को भारतीय वीजा मिला और मृतकों की अस्थियां साथ ले जाने की अनुमति मिल गई। उनके प्रयासों से ही पिछले 8 वर्षों से श्मशान घाट में रखीं अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने का रास्ता साफ हुआ। वह पहले भी अस्थियां विसर्जित करने भारत आ चुके हैं।

इस बार अधिक अस्थियां भारत भेजी गईं श्रीराम नाथ मिश्रा ने बताया है कि इससे पहले 2011 में 135 और 2016 में 160 अस्थि कलश हरिद्वार पहुंचाए थे। इस बार वह 400 अस्थियां लेकर भारत आए हैं। लंबी यात्रा को ध्यान में रखते हुए मिट्टी के पारंपरिक कलशों की जगह सफेद प्लास्टिक के जार का उपयोग किया गया, जिनमें लाल रंग के ढक्कन लगाए गए थे, ताकि सफर के दौरान कोई नुकसान न पहुंचे।

रविवार को श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में अंतिम प्रार्थना के बाद अस्थि कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से अस्थियों को ट्रेन के माध्यम से लाहौर और फिर वाघा बॉर्डर लाया गया। यहां से अब वह अस्थियों के साथ हरिद्वार रवाना हो गए हैं।

आर्थिक स्थिति ठीक न होने से परेशानी आई इन 400 में साहिल कुमार और कोमल के परिजनों की भी अस्थियां शामिल हैं। कराची के हनुमान मंदिर में उन्होंने अंतिम प्रार्थना में हिस्सा लिया और अस्थियों को भारत भेजने की व्यवस्था की। साहिल के पिता जगदीश कुमार और कोमल की मां विमला कुमारी भाई-बहन थे, जिनकी मृत्यु 2 महीने के दौरान हुई थी।

साहिल और कोमल दोनों ने बताया है कि वह अस्थियों को भारत भेजना चाहते थे, वीजा के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन वीजा मिला नहीं। आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, इसलिए तब अस्थियां लेकर नहीं आ पाए। अब एक साथ सैकड़ों अस्थियां भारत लाई जा रही थीं तो हमने भी परिजन की अस्थियां उनके साथ रवाना कीं।

हरिद्वार में 2 सप्ताह तक होंगी प्रार्थनाएं भारत पहुंचे श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष का कहना है कि वह खुद को धन्य और सौभाग्यशाली मानते हैं कि भगवान ने उन्हें इतनी मृत आत्माओं की शांति के लिए यह महान कार्य करने का अवसर दिया।

उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेले के समापन तक वह हरिद्वार में 2 सप्ताह तक मृतकों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थनाएं करेंगे और अंत में गंगा नदी में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 07 August 2026
अमृतसर : अमेरिका में भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के बीच कनाडा से भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है।…
 07 August 2026
लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बिसात बिछ चुकी है। सभी दल अपनी चाल चल रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ब्राह्मण वोटरों को अपने पाले…
 07 August 2026
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गोदावरी-कावेरी लिंक प्रोजेक्ट में तेजी लाने का आग्रह किया किया है। यह परियोजना तमिलनाडु की जल सुरक्षा के…
 07 August 2026
रांचीः झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के क्रम में चुनाव आयोग की ओर से जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि…
 07 August 2026
मुंबई : शिवसेना सिंबल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी और प्रशांत किशोर की सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई…
 01 August 2026
अमरावती: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन किया। यह हवाई अड्‌डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी)…
 01 August 2026
जंतर-मंतर पर पीएम मोदी को गाली देने वाली लड़की ने माफी मांग ली है। उसने वीडियो मैसेज में कहा, ‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, यह मेरी पहली और आखिरी…
 01 August 2026
श्रीनगर, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे पहलगाम जैसा हमला हुआ। आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे 2 हिंदू मजदूरों को नाम पूछकर गोली मार दी।…
 01 August 2026
बुलंदशहर: वही हुआ जिसका डर था। लोगों की दुआएं काम नहीं आईं। यूपी के बुलंदशहर में नाले में गिरी 11 साल की मासूम चारू कश्‍यप का शव शनिवार सुबह करीब…
Advt.