बाहुबली धनंजय सिंह की जेल बदली, एंबुलेंस से ले गए : जौनपुर से बरेली शिफ्ट किया जा रहा, पत्नी बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं

Updated on 27-04-2024 11:48 AM

जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की जेल बदली जा रही है। शनिवार सुबह उन्हें जौनपुर जेल से हाई सिक्योरिटी बरेली जेल ले जाया गया। पुलिस एंबुलेंस से पूर्व सांसद को लेकर बरेली के लिए रवाना हुई है। एंबुलेंस में बैठते धनंजय सिंह का वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लोग उनसे पूछ रहे हैं कि कुछ कहना है? वह कोई जवाब नहीं देते हैं।

धनंजय सिंह को इंजीनियर अभिनव सिंघल के अपहरण और रंगदारी मामले में जौनपुर की MP-MLA कोर्ट ने 6 मार्च को 7 साल की सजा सुनाई थी। तब से यानी 53 दिन से वह जौनपुर जेल में बंद है। धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला को बसपा ने जौनपुर से टिकट दिया है। भाजपा ने यहां से महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह को उतारा है। कृपाशंकर सिंह ने 2021 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वॉइन की थी। जौनपुर में 29 अप्रैल से 6 मई तक नामांकन होना है।

जेल प्रशासन ने अब तक धनजंय की शिफ्टिंग की वजह नहीं बताई। इसकी 2 वजह दिख रही हैं-
1- सुरक्षा कारण: कई बार जेल प्रशासन को हमले की आशंका होती है तब कैदी को दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाता है। लेकिन यहां इस तरह का कोई बात सामने नहीं आई। न ही ऐसा कोई इनपुट मिला। ऐसे में सुरक्षा कारणों से शिफ्ट किया हो ऐसा नहीं लग रहा।

2- चुनाव को प्रभावित करना: धनंजय की पत्नी श्रीकला रेड्‌डी बसपा से जौनपुर सीट से प्रत्याशी हैं। धनंजय का जौनपुर क्षेत्र में प्रभाव है। जेल में रहते यह चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। शिफ्टिंग की यह वजह हो सकती है।

यह भाजपा की हड़बड़ी दिख रही: धनंजय के मीडिया प्रभारी
धनंजय सिंह के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह ने कहा-सुबह 6 बजे जब जेल के गेट पर गाड़ियां लगीं, तब हमें पता चला कि धनंजय सिंह को बरेली शिफ्ट किया जा रहा है। उनको बरेली जेल भेजने की चर्चा पिछले 5 दिनों से चल रही थी। जौनपुर में चुनाव को देखते हुए उनकी जेल बदली गई है। उन्होंने कहा- इस पूरे मामले में हम सभी हैरान हैं। इसे भाजपा की हड़बड़ी कहा जा सकता है। धनंजय की पत्नी श्रीकला रेड्‌डी इस मामले में दोपहर में प्रेस कॉफ्रेंस करेंगी।

जेल के बाहर पहुंची धनंजय की समर्थक इंदु सिंह ने कहा-हमें पहले ही पता चल गया था कि बीजेपी ऐसा कुछ करने वाली है, इसलिए हम यहां पहुंच गए।

सजा के खिलाफ धनंजय की अपील पर आज आ सकता है फैसला
MP-MLA कोर्ट से मिली सजा के खिलाफ धनंजय सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी। इस अपील पर गुरुवार को सुनवाई पूरी हो चुकी है। हाईकोर्ट इस पर आज यानी शनिवार को फैसला सुना सकता है।

जौनपुर से 540 किमी दूर है बरेली
बरेली जेल यूपी की हाई सिक्योरिटी जेल है। जौनपुर से इसकी दूरी करीब 540 किमी. है। सड़क मार्ग से 8 से 10 घंटे लगते हैं। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ को भी बरेली जेल में रखा गया था।

27 साल की उम्र में पहली बार धनंजय सिंह विधायक बने
धनंजय सिंह 27 साल की उम्र में जौनपुर की रारी विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा और जीता था। 2007 भी में इसी सीट से जेडीयू के टिकट पर जीते। 2009 में बसपा के टिकट पर सांसद भी बने। वे अब तक 2 बार विधायक और सांसद रहे हैं।

2011 में उन्हें बसपा से निकाला गया। 2012 में धनंजय की पहली पत्नी जागृति को मल्हनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़वाया लेकिन हार गए। धनंजय ने 2017 में निषाद पार्टी के टिकट पर, 2020 में निर्दलीय और 2022 में जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन तीनों बार हार का सामना करना पड़ा।

2014 में धनंजय ने लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ा लेकिन हार गए। 2019 में वे चुनाव नहीं लड़े। 2024 में चुनाव की पूरी तैयारी थी लेकिन उन्हें 7 साल की जेल हो गई। इससे वे चुनाव लड़ने में अयोग्य हो गए। अब पत्नी को बीएसपी ने टिकट दिया है।

इंजीनियर अभिनव सिंघल अपहरण कांड, 7 साल की सजा
नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल ने 10 मई 2020 को जौनपुर के लाइन बाजार थाने में धनंजय सिंह व उनके साथियों के खिलाफ रंगदारी, अपहरण की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इंजीनियर ने कहा था कि धनंजय अपने साथी विक्रम के साथ पिस्टल लेकर आए और जबरन रंगदारी मांगी।

धनंजय सिंह पर 10 मुकदमे पेंडिंग
15 साल की उम्र में पहला मुकदमा धनंजय पर दर्ज किया गया, तब से अब तक धनंजय सिंह पर पहले 43 मुकदमे दर्ज हुए थे, जो अब घटकर 10 रह गए हैं। इनमें से 8 केस जौनपुर जिले में दर्ज हैं। जबकि एक केस दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने और एक केस लखनऊ के विभूति खंड थाने में दर्ज है। कुल 6 मामलों में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की। 3 मामलों में ही धनंजय पर आरोप तय हो पाए। एक केस में उन्हें अब तक सजा मिली है, जिसमें वे 6 मार्च से जेल में बंद है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 08 May 2024
सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले के दो मुख्य आरोपियों विक्की और सागर को बुधवार को मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया जाएगा।बीते 29 अप्रैल को हुई…
 08 May 2024
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले मामले में ममता सरकार को राहत मिल गई। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (7 मई) को 25000 शिक्षकों की भर्ती रद्द करने के कलकत्ता हाईकोर्ट के…
 08 May 2024
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल की विक्टिम के अपहरण के आरोपी और पूर्व पीम एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। मंगलवार को स्पेशल कोर्ट ने…
 08 May 2024
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार (7 मई) को 20 साल की अविवाहित महिला की अबॉर्शन की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया। महिला ने 27 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में अबॉर्शन…
 08 May 2024
केरल सरकार के हेल्थ डिपार्टमेंट ने मंगलवार (7 मई) को राज्य में वेस्ट नाइल फीवर को लेकर अलर्ट जारी किया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के कोझिकोड,…
 08 May 2024
ब्रिटेन की फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने दुनिया भर में अपनी कोविड-19 वैक्सीन की खरीद-बिक्री बंद करने का फैसला किया है। द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने कहा है…
 08 May 2024
शराब नीति केस में जेल में बंद पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई हुई। कोर्ट ने सिसोदिया की याचिका पर जवाब दाखिल…
 08 May 2024
एअर इंडिया एक्सप्रेस के सीनियर क्रू-मेंबर्स एकसाथ छुट्टी पर चले गए हैं। क्रू-मेंबर्स ने छुट्टी की वजह बीमारी बताई है। इसके चलते एयरलाइन को 80 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी…
 08 May 2024
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दोनों राज्यों में आज से अगले दो दिन यानी 10 मई तक हीटवेव का अलर्ट…
Advt.