अमीरों की पसंद बना कलर्ड डायमंड महंगी शादियों में पिंक, यलो, रेड और ओरेंज डायमंड जूलरी बना रही जगह
Updated on
20-02-2024 02:16 PM
मुंबई: मुंबई में एक कारोबारी NRI कपल ने अपनी बेटी की शादी में पिंक कलर के सॉलिटेयर की अंगूठी का ऑर्डर जब एक रिटेल जूलरी स्टोर को दिया, तो यह ऑर्डर उनके लिए कॉमन नहीं था। पीएनजी जूलर्स के प्रमुख सौरभ गाडगिल कहते हैं, ‘दो लाख डॉलर प्रति कैरेट तक की कीमत वाले पिंक नेचरल डायमंड की अंगूठी ऑर्डर पर ही बनती है। पहले कलर्ड डायमंड की डिमांड सिर्फ यूरोप व अमेरिका में थी, लेकिन अब भारत में भी सुपर रिच लोगों में इसकी मांग देखी जा रही है। ज्यादातर आम कस्टमर ब्राउन डायमंड या लैब ग्रोन डायमंड लेता है, ऐसे में खास क्लास खुद को डायमंड जूलरी में एकदम अलग कर रही है। हॉलीवुड के फिल्मों में देखे जाने वाले ये कलर्ड डायमंड की चर्चा भारत में काफी होने लगी है।’GJEPC के चैयरमेन विपुल शाह का कहना है कि अमीर लोग तेजी से हाई कैरेट की डायमंड जूलरी को पसंद कर रहे हैं, जिनमें फैंसी-कट डायमंड के साथ आधुनिक और बोल्ड डिजाइन शामिल हैं। हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) में फैंसी कलर्ड डायमंड जैसे येलो, पिंक कलर के डायमंड की दुर्लभता और उसकी बेजोड़ चमक के कारण ये विशेष रूप से दुल्हनों के बीच का आकर्षण का केंद्र हैं और चलन में हैं। HNI में विशेष रूप से शादी के रिसेप्शन और कॉकटेल कार्यक्रमों के लिए ऐसे डिजाइनर जूलरी सेट, जिसमें सफेद और फैंसी रंग के डायमंड हो, काफी ट्रेंड में हैं। पिंक रंग के डायमंड वाली ब्राइडल अंगूठियां ग्लोबल ट्रेवलर्स के बीच काफी प्रचलित हो रही हैं। अग्रणी डायमंड जूलर्स जयपुर जेम्स के प्रमुख सिद्भार्थ सचेती का कहना है कि RHNI में कलर्ड डायमंड में निवेश को लेकर जागरूकता काफी बढ़ी है, क्योंकि इसमें रिटर्न भी काफी अच्छा है। HNI वेडिंग में दुल्हनें पारंपरिक मोती चोकर की बजाय वेस्टर्न स्टाइल के कलर्ड डायमंड्स के चोकर चुन रही हैं।