
सीतापुर । जिले में सहकारी समितियों में खाद और बीज की भारी कमी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और भुषु प्रतापगढ़ सहकारी समिति का घेराव किया।
खाद की किल्लत और कालाबाजारी पर भड़के किसान
कांग्रेस नेताओं और किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों में समय पर खाद नहीं मिल रही है, जिससे किसान मजबूरी में निजी दुकानों से कई गुना ज्यादा दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खाद की आपूर्ति में नाकाम रही है, जिससे किसानों की लागत बढ़ रही है और वे आर्थिक रूप से टूट रहे हैं।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, “मानसून की बुवाई का वक्त है और किसानों के पास खाद नहीं है। सरकार किसानों को नकली खाद देकर उनकी उपज और भविष्य दोनों बर्बाद करना चाहती है।” उन्होंने खाद की कालाबाजारी और नकली खाद की आपूर्ति का भी आरोप लगाया।