
कांकेर। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बुधवार को समय-सीमा की बैठक में जिले में आयोजित समाधान शिविरों में महतारी वंदन योजना के तहत आवेदक महिलाओं से निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन, ऑनलाइन फॉर्म भराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित गांवों में विशेष रूप फोकस करते हुए समाधान शिविरों में ही पात्र महिलाओं से फॉर्म भराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए, जिससे 20 फरवरी तक लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत हितग्राहियों को फॉर्म भराया जा सके। साथ ही ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत स्तर पर ऑनलाइन आवेदन के लिए अमला बढ़ाने के भी निर्देश सभी जनपद सी.ई.ओ. व सी.एम.ओ. को दिए। शासन की मंशानुसार इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निष्पादित करने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.00 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत किसी भी पात्र हितग्राही को नहीं लौटाएं। अगर उनके पास बैंक खाता नहीं भी है, तो खाता खुलवाकर ऑनलाइन प्रविष्टि पूर्ण करें। उन्होंने तकनीकी समस्याएं दूर करते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से लक्ष्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने राशन कार्ड नवीनीकरण की जिले में स्थिति के बारे में पूछा। इस पर खाद्य अधिकारी ने बताया कि अब तक 69 प्रतिशत कार्ड का नवीनीकरण पूर्ण हो चुका है, जो प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। साथ ही यह भी बताया कि बचे हुए हितग्राहियों को पीडीएस सेंटर में बुलवाने पंचायतों में लगातार मुनादी कराई जा रही है।