फॉरेक्स रिजर्व में लगातार चौथे हफ्ते गिरावट, तीन महीने के निचले स्तर पर, जानिए अब कितना रह गया
Updated on
04-03-2023 06:57 PM
नई दिल्ली: देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) में लगातार चौथे हफ्ते गिरावट आई है और यह तीन हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया है। 24 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 32.5 करोड़ डॉलर घटकर 560.942 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट जारी रही। पिछले समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 5.68 अरब डॉलर घटकर 561.267 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले, अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया था। वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपये की विनियम दर में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने की वजह से बाद में इसमें गिरावट देखी जा रही है।रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 24 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में, मुद्राभंडार का अहम हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स 16.6 करोड़ डॉलर घटकर 495.906 अरब डॉलर रह गई। डॉलर में एक्सप्रेस की जाने वाली फॉरेन करेंसी एसेट्स में यूरो, पाउंड और येन जैसे गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण भंडार में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट जारी रही और स्वर्ण भंडार का मूल्य आलोच्य सप्ताह में 6.6 करोड़ डॉलर घटकर 41.751 अरब डॉलर रह गया। रुपये हुआ मजबूत
आंकड़ों के अनुसार, Special Drawing Rights (SDR) भी आठ करोड़ डॉलर घटकर 18.187 अरब डॉलर रह गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.2 करोड़ डॉलर घटकर 5.098 अरब डॉलर रह गया। आरबीआई आम तौर पर स्पॉट और फॉरवर्ड मार्केट्स में डॉलर के मुकाबले रुपये के एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव को रोकने के लिए हस्तक्षेप करता है। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 63 पैसे के उछाल के साथ 81.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी कोषों के ताजा निवेश और घरेलू शेयर बाजार में बढ़त की वजह से निवेशकों की कारोबारी धारणा मजबूत होने से रुपये में तेजी आई।