IAS अशोक बर्णवाल मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव नियुक्त, अनुराग जैन को नीति आयोग के CEO का प्रभार

Updated on 23-07-2026 11:54 AM
भोपाल। मध्य प्रदेश के लिए प्रशासनिक दृष्टि से बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। मुख्य सचिव अनुराग जैन की नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में हुई तो वहीं 1991 बैच के आइएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया।बेदाग छवि के बर्णवाल को लक्ष्य की पूर्ति करने वाले और तेजतर्रार अधिकारी के रूप में माना जाता है। वे वर्तमान में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा हैं। नियुक्ति के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की।

देश में नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नीति आयोग में मध्य प्रदेश के 1989 बैच के आइएएस अधिकारी अनुराग जैन की नियुक्ति की संभावना काफी दिनों से लगाई जा रही थी। उन्हें तीन अक्टूबर, 2024 को प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। 31 अगस्त 2025 को वह सेवानिवृत्त होने वाले थे लेकिन भारत सरकार ने एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया। इस अवधि के पूरा होने से पहले ही उन्हें नीति आयोग में सीईओ बना दिया गया।

प्रदेश में नए मुख्य सचिव के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोक बर्णवाल का चयन किया है। वे जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।

बर्णवाल की बेदाग छवि काम आई

1991 बैच के अशोक बर्णवाल नीति आयोग के सीईओ बनाए गए अनुराग जैन के भरोसेमंद अधिकारी रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि जैन की सिफारिश पर ही उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया है। स्वास्थ्य, वन, पर्यावरण, कृषि, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रशासन से जुड़े विभिन्न जटिल विभागों का कुशलतापूर्वक संचालन करने का 35 वर्षों का लंबा अनुभव है।

तकनीकी और प्रबंधकीय योग्यता में भी उनकी महारत हासिल है। उन्होंने बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) के साथ-साथ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। उनकी यही पृष्ठभूमि नीतिगत चुनौतियों को तकनीकी और रणनीतिक दृष्टिकोण से हल करने में मददगार साबित होती है।

जटिल क्षेत्रों में पीपुल-फर्स्ट अप्रोच के चलते वर्तमान में वे अपर मुख्य सचिव (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, खाद्य सुरक्षा आयुक्त और भोपाल गैस त्रासदी राहत कार्यों जैसे संवेदनशील मामलों में उनके जनहित-प्रथम कार्यशैली के रिकॉर्ड को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताया है।

दो मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव रह चुके हैं बर्णवाल

अशोक बर्णवाल उन अधिकारियों में से हैं जो दो मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव रहे हैं। अगस्त 2016 में शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें अपना प्रमुख सचिव बनाया तो 2018 में जब कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी तब भी वे प्रमुख सचिव थे।

डॉ. राजेश राजौरा की मंत्रालय से होगी विदाई

अनुराग जैन के बाद प्रदेश में सबसे वरिष्ठ अधिकारी 1990 बैच के अपर मुख्य सचिव (जल संसाधन) डॉ. राजेश कुमार राजौरा हैं। चूंकि, बर्णवाल 1991 बैच के अधिकारी हैं इसलिए डॉ. राजौरा की मंत्रालय से विदाई होगी। अब तक ऐसा ही होता आया है ताकि कार्य संचालन में मुख्य सचिव को कोई परेशानी न हो।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 01 August 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पब्लिक ट्रांसपोर्ट की दिशा बदलने जा रहे हैं। यह दिशा एक ओर जहां आम लोगों की जिंदगी बेहतर करेगी, वहीं सरकारी सिस्टम को…
 01 August 2026
भोपाल। ट्रेन यात्रा के दौरान अगर आपका सामान छूट जाए तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) 'ऑपरेशन अमानत' के तहत यात्रियों का खोया सामान खोजकर…
 01 August 2026
भोपाल। भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोंदरमऊ क्वार्टर में गुरुवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार…
 01 August 2026
भोपाल। भोपाल के व्यस्ततम इब्राहिमपुरा चौक बाजार स्थित नेमा डिजाइनर स्टूडियो में शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे अचानक आग लग गई। महेंद्र नेमा की इस दुकान में रखी महंगी साड़ियां,…
 01 August 2026
भोपाल। लेखक एवं समाजसेवी पद्मश्री कैलाशचंद्र पंत का निधन शुक्रवार को हो गया। उनके निधन पर साहित्य एवं कला जगत में शोक व्याप्त हो गया है। पद्मश्री व राष्ट्रीय शरद…
 01 August 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को राहत देते हुए कक्षा 9 के नामांकन में न्यूनतम आयु सीमा के बंधन में छूट दे दी…
 01 August 2026
बीना। भोपाल से ललितपुर की ओर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में गुरुवार रात एक घटना सामने आई। ट्रेन के वाशरूम की खिड़की से बाहर युवक का शव गमछे से लटका…
 01 August 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब प्रदेश के नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के साथ मिलकर 'कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस' की अध्यक्षता करेंगे। यह महत्वपूर्ण बैठक 15 अगस्त के…
 01 August 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी 7 अगस्त से 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' का शंखनाद होने जा रहा है। इस अभियान का पहला जिला स्तरीय 'समाधान कार्यक्रम' छिंदवाड़ा जिले में आयोजित किया…
Advt.