आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया, कमाई से ज्यादा खर्च करते हैं भारतीय, इलाज के लिए लेना पड़ता है कर्ज : रिपोर्ट
Updated on
11-07-2023 01:37 PM
नई दिल्ली : People Research on India's Consumer Economy (PRICE) की एक रिपोर्ट के अनुसार देश में 90 करोड़ ज्यादा यानी 60 फीसदी लोगों की आमदनी कम है, जबकि खर्चा ज्यादा है। इन्हें अपने इलाज तक के लिए कर्ज लेना पड़ जाता है। यही कारण है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से चीजें खरीद नहीं पाते। यह रिपोर्ट 25 राज्यों के 40 हजार परिवारों पर सर्वे से तैयार की गई है। इनमें परिवार के लोगों से उनकी आमदनी और खर्चे के बारे में पूछा गया।
रिपोर्ट के अनुसार देश में सालाना 5 लाख से 30 लाख रुपये तक कमाने वाले 43 करोड़ मध्यवर्ग की सभी तरह के टैक्स भरने के बाद खर्च योग्य औसत आय 9.25 लाख रुपये है। इनका बचत मात्र 14 फीसदी है। वहीं 30 लाख रुपये से अधिक कमाने वाले 5.6 करोड़ लोगों की खर्च लायक आय 35.77 लाख है। वे करीब 57% पैसा जरूरतों पर खर्च कर देते हैं। इनकी बचत 17% है। यानी मध्यवर्ग से 3% ज्यादा। दूसरी तरफ, पांच लाख रुपये तक आय वाले 93 करोड़ लोग की जरूरतें कमाई से ज्यादा हैं। उन्हें इलाज तक के लिए कर्ज लेना पड़ जाता है। रिपोर्ट के अनुसार भारत में दुनिया का तेजी से बढ़ता मध्यवर्ग है। इसकी खर्च करने की क्षमता बहुत बढ़ी है।