महाशिवरात्रि पर इस प्राचीन मंदिर पहुंचे मुकेश अंबानी, साथ में आकाश अंबानी भी, दिया भारी-भरकम दान
Updated on
19-02-2023 03:39 PM
नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी की भगवान के प्रति आस्था अक्सर देखने को मिल जाती हैं। महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के मौके पर उनकी भगवान शिव की आराधना करते तस्वीरें सामने आई हैं। मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) शनिवार को अपने बेटे आकाश अंबानी के साथ सोमनाथ मंदिर के दर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपने बेटे के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुकेश अंबानी और आकाश अंबानी (Akash Ambani) ने भगवान शिव का अभिषेक किया और प्रार्थना की। मंदिर के पुजारी ने सम्मान के तौर पर उन्हें चंदन का लेप लगाया और दुशाला उढ़ायी। मंदिर ट्रस्ट की तरफ से उनका स्वागत ट्रस्ट के अध्यक्ष पी.के. लाहिड़ी और सचिव योगेंद्रभाई देसाई ने किया।पूजा के बाद मुकेश अंबानी ने सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट को 1.51 करोड़ रुपये दान भी दिए। भगवान शिव के प्रति भरपूर श्रद्धा रखने वाला अंबानी परिवार अपनी परंपराओं से जुड़ा है। यह परिवार सभी हिंदू त्योहारों को उत्साह से मनाता है। आज भी जब पूरा देश महाशिवरात्रि के रंग में रंगा था, अंबानी परिवार ने भी पूजा अर्चना की और इस पवित्र मौके पर मंदिर में दान किया। सोमनाथ मंदिर (Somnath Temple) में पिता और पुत्र को विभिन्न तस्वीरों में हाथ जोड़े देखा गया। एक तस्वीर में, एक पुजारी अंबानी को चंदन का लेप और एक स्टोल भेंट करते हुए देखे जा सकते हैं।