बेटे की हत्या करने वाले मां-बाप गिरफ्तार

Updated on 17-05-2023 08:45 PM

रायगढ़। जिले में एक महीने पहले मिली युवक की लाश मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। असल में उसकी हत्या की गई थी। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके माता पिता ने ही की थी। इसके बाद शव को रोड किनारे फेंक दिया था।

माता पिता ने लोगों से कहा कि सड़क हादसे में हमारा बेटा मर गया है। दरअसल, मां ने पढ़ाई के लिए बेटे को डांटा था।

मगर उसने झगड़ा करना शुरू कर दिया। जिसके चलते पिता ने डंडे से पीट-पीटकर बेटे की जान ले ली थी। इसके बाद मां-बाप ने शव को बोरे में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया था। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

6 अप्रैल को ग्राम लोहडापानी लकरा टोकरी रोड के पास एक युवक का शव कच्ची सड़क किनारे पड़ा मिला था। इस पर उसके मामा ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया था कि लोहडापानी निवासी टेकमणी पैंकरा (18) की सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसकी बाइक भी वहीं मिली है। घर से 300 किलोमीटर दूर पर यह घटना घटी है।

परिजनों ने यह भी बताया कि वह कुछ दिन पहले जशपुर से आया था। वो वहां कोतबा के हॉस्टल में रहकर 11वीं की पढ़ाई कर रहा था। 5 अप्रैल की शाम को बाइक से निकला था। फिर लौटा ही नहीं। उसकी मां ने काफी खोजा पर पता नहीं चला। अगले दिन उसका शव मिला। तब मां-बाप ने ये अफवाह फैला दी कि इसकी मौत सड़क हादसे में हुई है।

उधर, पुलिस को जब शव मिला, उसी दौरान शक हुआ था कि कुछ गड़बड़ है। क्योंकि युवक के शरीर पर चोट के निशान थे। इसलिए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें इस बात की पुष्टि हुई कि युवक की हत्या की गई है। उसे किसी वजनी चीज से पीटा गया है।

उसके गले को भी दबाया गया है। इसके बाद पुलिस की टीम टेकमणी पैंकरा के घर गई।

वहां पुलिस को उसके घर पर गोबर से लिपा-पोती और कई जगह जमीन की हल्की खुदाई (छिलाई) दिखी। परछी, चौखट से लेकर घर के पीछे खून जैसे दाग पड़े दिखे।

यहीं से पुलिस को उसके पिता कुहुरू सिंगार(45) और मां करमवती पैंकरा(40) पर शक हुआ। इस पर जब लड़के के माता पिता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि हमने मुर्गा काटा था खून उसी का है।

इसके बाद पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। फॉरेंसिक की टीम ने मौके से ब्लड सैंपल कलेक्ट किए थे। बाद में रिपोर्ट आने पर पता चला कि ये ब्लड किसी इंसान के हैं। जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर लड़के के माता पिता को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में आरोपी कुहुरू और करमवती ने बताया कि यह घटना 5 अप्रैल की है। टेकमणी हॉस्टल से घर आया था। यहां आने के बाद बाइक से घूम रहा था। इस पर उसकी मां करमवती ने बताया कि मैंने उससे ये कहा था कि तुम पढ़ते नहीं हो। सिर्फ घूमते रहते हो, पढ़ाई किया करो। इसी बात से वह नाराज हो गया। इसके बाद उसने विवाद शुरू कर दिया।

ये देखकर आरोपी पिता कुहुरू नाराज हो गया और उसने बेटे को डंडे से तब तक पीटा, जब तक वो मरा नहीं। इस दौरान मां-बाप ने मिलकर उसका गला भी दबाया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौत होने के बाद दोनों ने शव को बोरे में भरा और घर से 300 मीटर कच्ची सड़क किनारे शव को फेंक दिया था। आरोपियों ने बताया कि हमने शव मिलने के बाद लोगों से कहा कि ये बाइक से गिरकर मर गया होगा। इसलिए उसकी बाइक को भी शव किनारे हमने गिराकर छोड़ दी थी।

पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बोरे और लकड़ी को जला दिया था। घर में लिपाई-पुताई भी कर दी थी। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को किया है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 11 August 2026
जगदलपुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के बॉर्डर में स्थित धौड़ाई वन परिक्षेत्र में तेंदुए का शिकार किया गया है। वन विभाग की टीम ने 3 तस्करों को तेंदुए की खाल के…
 11 August 2026
जगदलपुर, जगदलपुर में सोमवार को उत्तर और दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की रणनीतिक बैठक हुई। मीटिंग में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को…
 11 August 2026
दुर्ग-भिलाई, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के ब्लास्ट फर्नेस से 250 टन लोहा चोरी और फ्लू डस्ट के अवैध परिवहन के मामले में पूर्व जीएम हिमांशु भूषण मलिक को हाईकोर्ट से बड़ी…
 11 August 2026
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को विवाद के बाद 2 युवकों ने शराब दुकान के सामने दिनदहाड़े भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला रेतकर हत्या कर दी।…
 11 August 2026
रायपुर, रायपुर के संजय नगर इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 26 साल से रायपुर में रह रहा था और यहां गाड़ी…
 11 August 2026
कोंडागांव। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी की अध्यक्ष्ता एवं उनकी उपस्थिति में अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी एवं मॉनिटरिंग सेल, नेशनल लोक अदालत…
 11 August 2026
कोंडागांव, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव में निर्माणाधीन 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र के निर्माण कार्यों की प्रगति…
 11 August 2026
कोंडागांव । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभ्र में 'उल्लास महा चौपाल' का आयोजन किया जाएगा। ध्वजारोहण के बाद स्कूलों और ग्राम पंचायतों में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए…
 11 August 2026
कोण्डागांव। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव गायत्री साय के नेतृत्व में …
Advt.