
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 फरवरी को कबीरधाम जिले के महराजपुर स्थित नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन का वचुअर्ल लोकार्पण करेंगे। इस लोकार्पण समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। केन्द्रीय विद्यालय भवन एवं कर्मचारी आवासीय भवन सहित अन्य निर्माण कार्यो की लागत 20.56 करोड़ रूपए बताई गई है।
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने केन्द्रीय विद्यालय भवन के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर महोबे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय के अथक प्रयासों से कबीरधाम जिले को केन्द्रीय विद्यालय का एक नया संयुक्त परिसर का निर्माण पूरा हो पाया है।