कवर्धा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित स्व. राजीव गांधी बाल भविष्य सुरक्षा प्रयास आवासीय विद्यालय के सत्र 2023-24 में कक्षा 9 वी में प्रवेश के लिए 30 अप्रैल को परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके लिए प्रज्ञा ज्ञानोदय केंद्र रक्से के संचालक व शिक्षक त्रिभुवन राम साहू (व्याख्याता गणित शासकीय हाई स्कूल बामी) द्वारा नि:शुल्क ऑनलाइन मार्गदर्शन कक्षा आरंभ की गई थी। 1 माह से भी कम अवधि में ही अपने लैपटॉप से आकर्षक पीपीटी, पीडीएफ, गूगल फार्म, मॉक टेस्ट आदि के माध्यम से दिन-रात कड़ी मेहनत करते हुए नियमित रूप से प्रतिदिन 3-4 घंटे कक्षा संचालित की गई थी। जिसमें 3 जिलों से लगभग 30 से 35 बच्चे ऑनलाइन अध्ययन कर रहे थे। इसके परिणामस्वरूप 9 बच्चों का चयन प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए हुआ है।
कबीरधाम जिला से 6 विद्यार्थी निशा निर्मलकर , पीयूष साहू , ललिता नेताम , दुलेश्वरी नेताम , गीतांजलि मंडावी, अचिंत पनिका और बालोद जिला से 3 विद्यार्थी जतिन नरेटी , अमेश सोनवानी और चंद्र प्रकाश जोशी का चयन हुआ। इस सफलता से बच्चों व पालकों में खुशी की लहर है और उन्होंने त्रिभुवन राम साहू के ज्ञान दान व नि: स्वार्थ सेवा के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। त्रिभुवन साहू =ने चयनित बच्चों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की है।