
कोरबा। कोरबा के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं नगर पंचायत छुरीकला के एल्डरमेन गोविंद सिंह नेताम की पुत्री एवं सरगुजा की अधीक्षक-भूअभिलेख उषा नेताम एवं उनकी टीम की कर्तव्यनिष्ठा ने सरगुजा को भूमि सम्मान 2023 प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित कराया।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया। कुमार के साथ उषा नेताम भी शामिल थी।
राष्ट्रपति द्वारा देश में नौ राज्य के 68 जिलों को भू-अभिलेखों के आधुनिकीकरण, ग्राम नक़्शों के डिजिटलाइज़ेशन, अभिलेख़ागार के मार्डनाइजेशन और लैंड रिकॉर्ड्स के क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए भूमि सम्मान प्लैटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
बता दें कि डिजिटल इंडिया लैंड रिकार्ड मार्डनाइजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत सरगुजा में बेहतर काम हुए है जिससे लोगों को भूमि संबंधी जानकारियां मिलना आसान हुआ है।
डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मार्डनाइजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में भूमि प्रबंधन से जुड़े 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
इसी तरह भूमि प्रबंधन से जुड़े चार घटकों, लैण्ड रिकार्ड का डिजिटाइजेशन, पंजीयन कार्यालय से समन्वय, माडल रिकार्ड रूम की स्थापना में प्रदेश के सरगुजा जिले में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। सरगुजा जिला भूमि प्रबंधन में देश के शीर्ष जिलों में शामिल है।
इस कार्य में उषा नेताम अधीक्षक भू-अभिलेख एवं उनकी टीम का कार्य सराहनीय रहा, जिसके कारण सरगुजा को यह अवार्ड मिला।
ज्ञातव्य हो कि उषा नेताम की छोटी बहन निशा नेताम जिला जांजगीर चाम्पा में संयुक्त कलेक्टर के पद पर सेवारत हैं, वहीं छोटा भाई प्रेम प्रताप सिंह नेताम छुई खदान जिला राजनांदगांव में गवर्नमेंट कालेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर सेवारत हैं।
उषा नेताम के दादा जी स्व. अनंद सिंह नेताम जांजगीर ब्लॉक में कई साल तक नायब तहसीलदार के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।