ईरान युद्ध खत्‍म होने का इंतजार कर रहे ये खरीदार, स्‍टॉक बढ़ाने के बजाय घटा दी खरीद, प्‍लान समझ‍िए

Updated on 25-03-2026 12:35 PM
नई दिल्‍ली: ईरान युद्ध के कारण हर तरफ हड़कंप मचा है। ज्‍यादा से ज्‍यादा स्‍टॉक भरने पर फोकस है। हालांकि, भारतीय वनस्पति तेल रिफाइनरियों का प्‍लान कुछ उलटा है। वे पाम तेल, सोया तेल और सूरजमुखी तेल की खरीद कम कर रही हैं। इन खरीदारों को उम्मीद है कि ईरान युद्ध के कारण कीमतों में आई तेजी ज्‍यादा समय तक नहीं रहेगी। युद्ध खत्म होने के बाद वे अपना स्टॉक फिर से भर पाएंगी। उद्योग के अधिकारियों ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी।

भारत दुनिया में वनस्पति तेलों का सबसे बड़ा आयातक है। यह अगर खरीद कम करता है तो इससे मलेशियाई पाम तेल और अमेरिकी सोया तेल की कीमतों में बढ़ोतरी सीमित हो सकती है। वहीं, इससे स्थानीय वनस्पति तेलों की कीमतों और घरेलू तिलहन किसानों को मदद मिलेगी।

ग्‍लोबल मार्केट में पर्याप्‍त स्‍टॉक

इस महीने की शुरुआत में पाम तेल की कीमतें एक साल से भी ज्‍यादा समय के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई थीं। इसकी वजह यह उम्मीद थी कि मिडिल ईस्‍ट में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल (क्रूड) की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से बायोडीजल क्षेत्र में ट्रॉपिकल ऑयल की मांग बढ़ेगी।एक प्रमुख खाद्य तेल आयातक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'घबराकर खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। वैश्विक बाजार में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जैसे ही युद्ध खत्म होगा, कीमतें तेजी से नीचे आ जाएंगी।' इस कंपनी ने मार्च और अप्रैल की डिलीवरी के लिए आयात कम कर दिया है।

भारत आयात पर बहुत ज्‍यादा न‍िर्भर

भारत अपनी वनस्पति तेल की जरूरतों का लगभग दो-तिहाई हिस्सा आयात से पूरा करता है। अक्टूबर 2025 में समाप्त हुए मार्केटिंग वर्ष में भारत ने औसतन 13.6 लाख टन तेल प्रति माह आयात किया था।
ग्‍लोबल ट्रेड हाउस के तीन डीलरों के अनुमान के अनुसार, मार्च में इंपोर्ट घटकर लगभग 11 लाख टन रहने की संभावना है। इसमें पाम तेल की खेप लगभग 6,80,000 टन रहने का अनुमान है। यह पिछले महीने के 8,47,689 टन से कम है।
वेजिटेबल ऑयल ब्रोकरेज और कंसल्टेंसी फर्म 'सनविन ग्रुप' के सीईओ संदीप बजोरिया ने कहा, 'भारतीय खरीदार पिछले कुछ दिनों से ज्‍यादातर इंतजार की मुद्रा में हैं। पाम तेल की कीमतों में हालिया गिरावट से कुछ खरीदारी हो सकती है। लेकिन, कुल मिलाकर बाजार का रुख अभी भी 'देखो और इंतजार करो' वाला ही है।'

संतोषजनक है स्‍टॉक का लेवल

एक ग्‍लोबल ब्रोकरेज हाउस के मुंबई स्थित डीलर ने बताया कि हाल के महीनों में हुए आयात से स्टॉक का स्तर काफी संतोषजनक है। इससे भारतीय खरीदारों को यह उम्मीद बंधी है कि युद्ध ज्‍यादा समय तक नहीं चलेगा।
डीलर ने बताया कि भारत की नई सीजन की रेपसीड (सरसों) फसल की सप्‍लाई शुरू हो गई है। इस फसल का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर रहने का अनुमान है। इससे आयात में आई कमी की कुछ हद तक भरपाई करने में मदद मिलेगी। भारत मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया से पाम तेल खरीदता है। साथ ही अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से सोया तेल और सूरजमुखी तेल आयात करता है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 16 June 2026
नई दिल्ली: हाल में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय बाजार से काफी पैसा निकाला है। इससे रुपये पर दबाव बढ़ा है और उसमें गिरावट आई है। इस बीच आरबीआई ने…
 16 June 2026
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच सुलह होने की डील (US-Iran Deal) हो गई है। खबर है कि दोनों देशों के बीच 60 दिनों का सीजफायर होने के बाद…
 16 June 2026
नई दिल्‍ली: अमेरिका-ईरान समझौते की घोषणा के बाद एक भारतीय लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) टैंकर होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरा है। यह ऐसा करने वाले शुरुआती बड़े कमर्शियल जहाजों में से…
 16 June 2026
मुंबई: लॉजिस्टिक्स सेक्टर की कंपनी A-1 लिमिटेड ने बताया है कि उसने प्रमुख औद्योगिक घरानों से 35 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल किए हैं। इससे चालू वित्तीय वर्ष में उसकी…
 15 June 2026
नई दिल्ली: दुनिया के सबसे अमीर और पहले ट्रिलियनेयर बने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का आईपीओ अमेरिकी शेयर मार्केट में लिस्ट हो गया है। इस आईपीओ की लिस्टिंग धमाकेदार…
 15 June 2026
नई दिल्ली: रुपये की कीमत में डॉलर के मुकाबले हाल में काफी गिरावट देखने को मिली। इसे रोकने के लिए आरबीआई ने कई कदम उठाए। इस बीच केंद्रीय वित्त मंत्री…
 15 June 2026
नई दिल्ली: अमेरिकी-ईरान के बीच शांति समझौता होने से भारत को भी बड़ी राहत मिलेगी। इस समझौते के बाद मुख्य ईधन मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) भी खुल जाएगा।…
 15 June 2026
नई दिल्ली: आपने भी यह कहावत सुनी होगी कि नाम में क्या रखा है। लेकिन नाम की वजह से कुछ नामी-गिरामी कंपनियां खाद्य सुरक्षा क्षेत्र के नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा…
 13 June 2026
नई दिल्ली: एयर इंडिया का एक विमान पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हादसे का शिकार हो गया था। उसके बाद से कंपनी को पिछले एक साल में करीब…
Advt.