मंत्री जाहिदा खान के बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस कर्मियों के साथ जमकर हुई झड़प
Updated on
02-12-2023 01:15 PM
भरतपुर/जयपुर : राजस्थान के भरतपुर में गहलोत सरकार में मंत्री जाहिदा खान के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो 25 नवंबर को मतदान के दिन का बताया जा रहा है। इस वीडियो में कांग्रेस प्रत्याशी जाहिदा खान के पुत्र साजिद खान मतदान बूथ पर पुलिस कर्मियों से उलझते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि साजिद खान और पुलिस कर्मियों के बीच में तीखी झड़प हो रही है। इसको लेकर पुलिस ने साजिद खान के खिलाफ पहाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसकी जांच सवाई माधोपुर के एडिशनल एसपी करेंगे।
मतदान बूथ पर पुलिस कर्मियों से उलझे साजिद खान
यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मंत्री जाहिदा खान के बेटे साजिद खान मतदान दिवस के दिन सांवेलर गांव के एक मतदान बूथ पहुंचे। इस दौरान साजिद खान के साथ उनके एक दर्जन समर्थक भी थे। इस बीच साजिद खान पुलिस कर्मियों से उलझ गए। दोनों के बीच काफी तीखी झड़प देखने को मिली। इस घटना से आक्रोशित समर्थकों ने मतदान केंद्र पर पथराव भी किया। यह घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चलता रहा। इस दौरान मतदान बंद हो गया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।साजिद खान के खिलाफ मामला दर्ज
साजिद खान और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद के कारण मतदान स्थल पर हड़कम्प मच गया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक मतदान बंद हो गया। इसकी सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घटना की जानकारी ली। इस मामले को लेकर पुलिसकर्मी लेखराज शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी और मंत्री जाहिदा खान के पुत्र साजिद खान के खिलाफ मतदान में बाधा पहुंचाने और पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले को लेकर भरतपुर आईजी ने मामले की जांच सवाई माधोपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।