अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के को-फाउंडर और पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग की लीडरशिप स्टाइल काफी सख्त थी। कंपनी में कर्मचारियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जाती थी। काम के लंबे घंटे, गलतियों पर कड़ी प्रतिक्रिया और हर फैसले पर हुआंग की नजर कंपनी की कार्यशैली का हिस्सा थे। वॉल स्ट्रीट जर्नल (डब्ल्यूएसजे) की एक रिपोर्ट में मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया में हुआंग के परिवार के कुछ सदस्यों की भी अहम भूमिका थी। हुआंग से उनकी नजदीकी और कंपनी में उनके प्रभाव के कारण कुछ कर्मचारी उन्हें अनौपचारिक रूप से 'रॉयल फैमिली' यानी शाही परिवार कहते थे।
कर्मचारियों की गलतियों पर सख्त रवैया


डब्ल्यूएसजे के मुताबिक, एनवीडिया को सिलिकॉन वैली की उन कंपनियों में गिना जाता था, जहां काम का दबाव काफी ज्यादा था। कंपनी की बैठकों में हुआंग कई बार कर्मचारियों और अधिकारियों के विचारों पर खुलकर सवाल उठाते थे। कुछ मौकों पर वे सहकर्मियों के सामने ही उनके काम और सुझावों की कड़ी आलोचना करते थे। एनवीडिया के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रॉब चोंगोर ने अखबार को बताया कि हुआंग कभी-कभी कर्मचारियों के सवालों या विचारों को 'बेवकूफी भरा' तक कह देते थे। डब्ल्यूएसजे की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग के पास करीब 60 अधिकारी सीधे रिपोर्ट करते थे। इतनी बड़ी कंपनी के सीईओ के लिए यह संख्या असामान्य रूप से ज्यादा थी।


कंपनी में परिवार के सदस्यों का भी था दबदबा


डब्ल्यूएसजे के मुताबिक हुआंग के परिवार के सदस्यों की कंपनी में अहम भूमिकाओं का भी जिक्र किया गया है।

  • उनकी बेटी मैडिसन हुआंग प्रोडक्ट मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर थीं। वे कंपनी के रोबोटिक्स कारोबार, कम्युनिकेशन और मार्केटिंग से जुड़ी थीं।

  • उनके बेटे स्पेंसर हुआंग प्रोडक्ट मैनेजमेंट के डायरेक्टर के तौर पर काम करते थे।

  • उनके दामाद निको कैप्रेज बिजनेस डेवलपमेंट से जुड़े हुए थे।

  • रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की हुआंग तक सीधी पहुंच और कंपनी में उनके प्रभाव से एक अलग तरह का माहौल बना हुआ था। परिवार के साथ काम कर चुके एक व्यक्ति ने उन्हें 'रॉयल फैमिली' कहा था।​


काम का दबाव, लेकिन जश्न भी बड़े स्तर पर


कंपनी में काम का दबाव ज्यादा होने के बावजूद एनवीडिया कर्मचारियों के लिए बड़े आयोजन भी करती थी। डब्ल्यूएसजे के मुताबिक, कंपनी बड़े कारोबारी लक्ष्य हासिल करने और नए प्रोडक्ट लॉन्च होने पर समारोह आयोजित करती थी। इन कार्यक्रमों में लाइव मनोरंजन, ड्रिंक्स और हुआंग के भाषण शामिल होते थे। वे कर्मचारियों और कारोबारी सहयोगियों के लिए डिनर भी आयोजित करते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, वे कभी-कभी कंपनी के सांता क्लारा मुख्यालय में बने बार में भी जाते थे, जहां कर्मचारी काम के बाद समय बिता सकते थे।


अब एनवीडिया की लीडरशिप पर सवाल


जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर 2026 को एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी के बोर्ड ने उनकी जगह सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया है। क्रेस फिलहाल सीएफओ की जिम्मेदारी भी संभालती रहेंगी। कंपनी ने नए स्थायी सीईओ की तलाश शुरू कर दी है। बोर्ड ने हार्वे सी जोन्स को कंपनी का पहला चेयरमैन भी नियुक्त किया है। हुआंग का इस्तीफा उनकी निजी जिंदगी से जुड़े विवादों और कंपनी के बोर्ड की जांच के बीच आया। उनके जाने से अब यह सवाल उठ रहा है कि एनवीडिया उनके बिना अपनी तेज रफ्तार कैसे बनाए रखेगी। कंपनी में फैसले लेने का तरीका कितना बदलेगा और नई लीडरशिप के तहत एआई चिप कारोबार की रणनीति कैसी होगी, इस पर भी बाजार और निवेशकों की नजर रहेगी।


हुआंग को क्यों देना पड़ा इस्तीफा?


जेनसन हुआंग पर आरोप हैं कि शादीशुदा होने के बाद भी उनके दो महिलाओं के साथ संबंध हैं। इनमें से एक महिला एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं। हालांकि चीन ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। दूसरी ओर एनवीडिया ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं से समझौता हुआ है। हालांकि, कंपनी ने मामले की जांच जारी रखने की बात कही है।