ओस्लो: नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग ने दावा किया है कि उन्हें भारत में एक कार्यक्रम में शामिल होने से रोक दिया गया। लिंग ने कहा कि उनके पास वैध भारतीय वीजा था, इसके बावजूद भारतीय अधिकारियों ने उन्हें भारत आने की मंजूरी नहीं दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इसकी जानकारी 10 मिनट पहले दी गई जब वह हैदराबाद में हो रही 'भारत समिट' में शामिल होने के लिए नॉर्वे में हवाई अड्डे के लिए निकलने वाली थीं। इस समिट का आयोजन कांग्रेस ने किया है। लिंग ने वीजा रद्द होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
वीडियो में बताया क्या हुआ?

हेले लिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर इस बारे में जानकारी दी है। लिंग ने कहा कि "मुझे भारत का वीजा मिल गया था और हैदराबाद में होने वाली भारत समिट में शामिल होने के लिए मुझे आज सुबह ही निकलना था। मुझे मीडिया के भविष्य और प्रेस की आजादी पर एक पैनलिस्ट और वक्ता के तौर पर बुलाया गया था।" उन्होंने आगे कहा कि "गृह मंत्रालय में ऊपर से आए आदेशों के कारण मेरा वीजा रद्द कर दिया गया।"

लिंग ने 3 मिनट 45 सेकंड के वीडियो में कहा, "आज मुझे जिंदगी में पहली बार भारत जाना था, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। मैं बहुत उत्साहित थी। मैंने अपना सामान भी पैक कर लिया था। मेरे पासपोर्ट में वीजा लगा हुआ है। मैं जाने के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन जैसे ही मैं हवाई अड्डे के लिए निकलने वाली थी, ठीक 10 मिनट पहले नॉर्वे में भारतीय दूतावास से मुझे फोन आया और उन्होंने कहा, आप आज भारत नहीं जा सकतीं।"
अमित शाह पर लगाया आरोप

लिंग ने अपने वीडियो में भारत के गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वीजा रोकने का फैसले उनके मंत्रालय ने लिया है। लिंग ने कहा, "मुझे बताया गया है कि भले ही मेरा वीजा जारी हो चुका है, लेकिन मुझे भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। अमित शाह, यहीं पर आपकी भूमिका आती है।" उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि आपके विभाग ने ही कहा है कि मैं देश में प्रवेश नहीं कर सकती।

लिंग ने कहा कि इसकी वजह शायद यह हो सकती है कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान उनसे सवाल पूछे थे। उन्होंने दावा किया कि उनके पास वीजा था और राजनीतिक मंजूरी भी मिल चुकी थी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने प्रवेश देने से मना करके उनकी यात्रा खराब कर दी है।

हेले लिंग को लेकर बंटा सोशल मीडिया

हेले लिंग की यात्रा रोके जाने की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया ने कई लोगों ने उनका समर्थन किया है और इस कार्रवाई को गलत बताया है। अमित बहरे नाम के यूजर ने लिखा कि यह शर्मनाक है। एक दूसरे यूजर ने लिखा कि "विडंबना यह है कि भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है।"

वहीं, कुछ यूजर्स ने वीजा रोके जाने को सामान्य प्रक्रिया बताया। श्रीमोय तालुकदार नाम के यूजर ने लिखा, "वीजा एक विशेषाधिकार है, अधिकार नहीं। आपने यह विशेषाधिकार खो दिया है। खुद को पीड़ित बताने का नाटक न करें।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "किसी भी दूसरे पश्चिमी देश की तरह भारतीय इमिग्रेशन अधिकारियों के पास भी किसी भी विदेशी को देश में प्रवेश देने से मना करने का अधिकार है।"

PM मोदी का किया था विरोध

हेले लिंग इस साल मई में सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा के दौरान सवाल पूछा था। यह घटना ओस्लो में हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे के अपने समकक्ष जोनास गहर स्टोर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वहां से जा रहे थे। इसी दौरान हेले लिंग ने पीएम मोदी को जोर से पुकार कर पूछा कि वे पत्रकारों के सवालों का जवाब क्यों नहीं देते। इस घटना को लेकर हेले लिंग को भारी ऑनलाइन विरोध का सामना करना पड़ा था।