कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' लगातार सुर्ख‍ियों में है। 10 नवंबर को यह संस्मरण रिलीज हुई और इसके बाद से ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक हलकों में इसके किस्‍से तैर रहे हैं। दिलचस्‍प बात यह है कि इसी बीच यह घोषणा भी हो गई है कि इस किताब पर फिल्‍म बनेगी। जी हां, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को घोषणा की कि सोनिया गांधी के संस्मरण 'Belonging: A Journey of Love' पर एक तेलुगू फीचर फिल्म बनाई जाएगी। इसमें उनके जीवन और राजनीतिक सफर को दिखाया जाएगा।

सोनिया गांधी का यह संस्मरण 544 पन्‍नों का है। कांग्रेस नेता ने इसमें अपने निजी जीवन से लेकर पारिवारिक अनुभव, राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शादी और भारतीय राजनीति में उनके विदेशी मूल पर लगातार उठने वाले सवालों को लेकर बात की है। किताब में 2004 में प्रधानमंत्री पद को ठुकराने से लेकर कैंसर से लड़ाई और देश की कुछ सबसे प्रमुख घटनाओं; 1975 की इमरजेंसी, 1984 का 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' और 1992 का बाबरी मस्जिद विध्वंस पर उनकी टिप्पणियां शामिल हैं।
कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान फ‍िल्‍म का ऐलान

बहरहाल, गुरुवार को जग्गा रेड्डी में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान इस किताब पर फिल्‍म बनाने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने संगारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगे आने और फिल्म के निर्माण में योगदान देने की अपील भी की। लगे हाथ निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलाकंती अंजनेयुलु ने फिल्म के निर्माण के लिए ₹2 करोड़ का योगदान देने की घोषणा की।
सोन‍िया गांधी पर फ‍िल्‍म के ल‍िए बनाई जाएगी 50 सदस्‍यों की सम‍ित‍ि

जग्गा रेड्डी ने इस फिल्म के निर्माण के लिए 50 सदस्यों की एक समिति बनाने का सुझाव दिया, जिसकी देखरेख गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं से फंड जुटाने को कहा और कार्यकर्ताओं से बोले, 'आप लोग चुनावों में खर्च करते हैं, है ना? इसे भी वैसा ही एक खर्च मानिए। आइए, बजट जुटाते हैं और एक अच्छा निर्देशक चुनते हैं। जब तैयारियां पूरी हो जाएंगी, तो मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग शुरू करने के लिए आमंत्रित करेंगे।'
फ‍िल्‍म में होगी सोनिया गांधी के निजी जीवन की झलक

जग्गा रेड्डी ने आगे यह भी कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा की प्रतियां मंगवाई जाएंगी और उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बांटा जाएगा, ताकि वे उनके जीवन और अनुभवों को और बेहतर ढंग से समझ सकें। राजनेता ने बताया कि फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न चरणों को दिखाया जाएगा, जिसमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी, और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिकाएं शामिल होंगी। उन्होंने यह भी कहा फिल्‍म इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद उनके परिवार पर आए दुखों, उसके बाद सोनिया गांधी द्वारा झेले गए संघर्षों, उन्होंने किस तरह राहुल और प्रियंका की परवरिश की और उनके राजनीतिक सफर को दर्शकों के सामने लाया जाएगा।

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की 10 बड़ी बातें:

  1. निजी जीवन और पारिवारिक अनुभव:सोनिया गांधी ने किताब में स्पष्ट किया है कि यह कोई विशुद्ध राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि उनके परिवार, रिश्तों, संघर्षों और निजी अनुभवों का लेखा-जोखा है। इसमें उनके इटली के साधारण परिवार से भारत के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार तक के सफर को दिखाया गया है।

  2. राजीव गांधी और परिवार से जुड़ी यादें:किताब में राजीव गांधी से कैम्ब्रिज के एक रेस्तरां में पहली मुलाकात, उनके साथ बिताए पलों और प्रेम कहानी का जिक्र है। इसके अलावा इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात और परिवार के मानवीय पहलुओं को सामने रखा गया है।

  3. राजीव गांधी की हत्या:सोनिया गांधी ने किताब में राजीव गांधी की हत्‍या पर काफी कुछ लिखा है। उन्‍होंने बताया है कि बेटे राहुल गांधी को अपने पिता की हत्या की पहले से आशंका थी। मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने कहा था कि अगर सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा।

  4. साल 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराना:साल 2004 के चुनाव के बाद जब कांग्रेस पार्टी ने सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए चुना था, तब उन्‍होंने यह पद ठुकरा दिया था। मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे। किताब में सोनिया गांधी ने इसके पीछे के कारणों और उस समय के घटनाक्रम को विस्तार से बताया गया है। कहा है कि उनके दोनों बच्‍चे (राहुल और प्रियंका) उनसे यह पद स्‍वीकार नहीं करने के लिए कह रहे थे। सोनिया गांधी लिखती हैं कि प्रणब मुखर्जी भी प्रधानमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन मनमोहन सिंह के उदार स्वभाव के कारण उन्हें चुना गया। सरकार मनमोहन चलाते थे और पार्टी सोनिया संभालती थीं।

  5. मेनका गांधी का घर छोड़ना:सोनिया गांधी लिखती हैं कि 1974 में संजय गांधी से शादी के बाद जब मेनका गांधी (तब 18 साल कीं) परिवार में आईं, तो उनका आना ताजगी भरा लगा। लेकिन मेनका गांधी उन्हें अपना विरोधी मानती थीं और समय के साथ दोनों के बीच और पूरे परिवार में मतभेद बढ़ने लगे। इंदिरा गांधी को लगता था कि मेनका अपने पति संजय गांधी को संयमित करने के बजाय उन्हें और बढ़ावा दे रही हैं। नाराज होने पर मेनका गांधी अपशब्दों और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती थीं। कितबा में यह भी आरोप हैं कि मेनका गांधी अपने पत्रकार मित्रों के जरिए गांधी परिवार के खिलाफ नकारात्मक खबरें फैलवाती थीं। 1980 में संजय गांधी की आकस्मिक मृत्यु के बाद मेनका ने उनकी राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी बनाना चाहा। लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की उम्र और तीन महीने के बेटे वरुण की परवरिश के लिहाज से वह राजनीति के लिए बहुत छोटी हैं। बाद में जब मेनका ने राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ा दी और विपक्ष की रैली में शामिल हुईं तो इंदिरा गांधी ने उन्हें रास्ता बदलने या घर छोड़ने का विकल्प दिया था। इसके बाद मेनका गांधी ने परिवार का घर छोड़ दिया।

  6. विदेशी मूल पर सवाल और राजनीति:सोनिया गांधी ने जब से कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली, विपक्षी पार्टियों ने उनके विदेशी मूल के होने पर लगातार सवाल उठाए। आज भी इसको लेकर ओछी टिप्‍पण‍ियां की जाती हैं। किताब में सोनिया गांधी ने राजनीति में आने से लंबे समय तक कतराने के बाद के अनुभवों पर खुलकर लिखा है।

  7. स्वास्थ्य और दो बार कैंसर:कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किताब में अपने स्वास्थ्य संघर्षों का खुलासा किया है। बताया है कि कैसे उन्होंने दो बार कैंसर का सामना किया। साल 2010 में स्तन कैंसर और इसके बाद 2011 में पैंक्रियाज के ट्यूमर का सफलतापूर्वक इलाज कराया था। इस दौरान उन्होंने अपनी बीमारी को मीडिया से दूर रखते हुए नीदरलैंड्स और इटली में अपना इलाज कराया था।

  8. इमरजेंसीके फैसले से सहमत नहीं थीं इंदिरा गांधी:किताब में सोनिया गांधी ने देश के इतिहास के कुछ अहम दौर पर भी चर्चा की है। उन्‍होंने 1975 की इमरजेंसी को एक 'गलती' माना है। उन्‍होंने कहा है कि इंदिरा गांधी खुद भी इस फैसले से पूरी तरह सहमत नहीं थीं और बाद में उन्होंने इसे स्वीकार किया था।

  9. ऑपरेशन ब्‍लू स्‍टार:इसी तरह 1984 के 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' को सोनिया गांधी ने एक कठिन फैसला बताया है, क्योंकि स्वर्ण मंदिर में हथियार जमा हो गए थे और उग्रवादी जुट गए थे। उन्होंने दावा किया है कि ऑपरेशन के बाद स्वर्ण मंदिर और हुई तबाही की तस्वीरें-वीडियो देखकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बेहद दुखी थीं और उनकी आंखों से आंसू बह निकले थे।

  10. बाबरी मस्जिद विध्वंस:किताब में 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्‍ज‍िद विध्‍वंस का भी जिक्र है। सोनिया लिखती हैं कि जब वह टेलीविजन पर बाबरी मस्जिद का विध्वंस देख रही थीं, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और यह घटना उनके लिए बेहद पीड़ादायक थी। उन्होंने माना कि देश में भाजपा और हिंदुत्व की राजनीति के उभार को लेकर कांग्रेस पार्टी कई मायनों में जरूरत से ज्यादा निश्चिंत और लापरवाह रही।