नई दिल्ली: आईपीएल की तीन बार की चैंपियन टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिकाना हक में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। फ्रेंचाइजी के सह-मालिक (को-ओनर) और अभिनेत्री जूही चावला के पति जय मेहता टीम में अपनी हिस्सेदारी का आधा हिस्सा बेचने के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जय मेहता अपनी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी में से 22.5 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका की दिग्गज निवेश प्रबंधन कंपनी एरेस मैनेजमेंट को बेचने जा रहे हैं। यह वही कंपनी है, जिसके पास इंग्लिश प्रीमियर लीग के मशहूर क्लब चेल्सी FC और NFL टीम मियामी डॉल्फिंस का भी मालिकाना हक है।
16,634 करोड़ रुपये आंकी गई केकेआर की कुल वैल्यू
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, जय मेहता और एरेस मैनेजमेंट के बीच यह डील करीब 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,730 करोड़ रुपये) में होने जा रही है। इस सौदे के हिसाब से कोलकाता नाइट राइडर्स की कुल वैल्यूएशन 1.78 बिलियन डॉलर (16,634 करोड़ रुपये) आंकी गई है। केकेआर की यह कीमत हाल ही में बिके अन्य आईपीएल फ्रेंचाइजियों के बिल्कुल अनुरूप है, जहां राजस्थान रॉयल्स को 15,660 करोड़ रुपये (1.65 बिलियन डॉलर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 16,660 करोड़ रुपये (1.78 बिलियन डॉलर) में बेचा गया था।
शाहरुख खान के पास बरकरार रहेगी 55% हिस्सेदारी, BCCI को भी मिलेंगे 200 करोड़
केकेआर में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के पास सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो आगे भी उन्हीं के पास बरकरार रहेगी। साल 2007 में जब बीसीसीआई ने पहली बार आठ आईपीएल टीमों की नीलामी की थी, तब शाहरुख खान, जूही चावला और जय मेहता ने कोलकाता नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए इस फ्रेंचाइजी को खरीदा था।
बताया जा रहा है कि जय मेहता और एरेस मैनेजमेंट के बीच यह पूरी तरह से नकद डील होगी, जो अब अंतिम चरण में है। इस सौदे को पूरा करने के लिए बीसीसीआई की औपचारिक मंजूरी जरूरी होगी, जो नए मालिक की पूरी जांच-पड़ताल करेगा। नियमों के तहत, इस ट्रांजैक्शन वैल्यू का 5 प्रतिशत हिस्सा बीसीसीआई को मिलेगा, जिससे बोर्ड की झोली में करीब 20 मिलियन डॉलर (लगभग 200 करोड़ रुपये) आएंगे।
IPL में लगातार बढ़ रहा है अमेरिकी कंपनियों का दबदबा
साल 2022 में सीवीसी कैपिटल द्वारा गुजरात टाइटंस को खरीदे जाने के बाद से आईपीएल में अमेरिकी कंपनियों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। आरसीबी में भी आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ग्रुप के साथ ब्लैकस्टोन और बोल्ट वेंचर्स जैसी अमेरिकी कंपनियां निवेशक हैं। वहीं, एरेस मैनेजमेंट के लिए भी क्रिकेट नया नहीं है; यह कंपनी केन इंटरनेशनल के साथ मिलकर 'द हंड्रेड' की नॉटिंघम स्थित फ्रेंचाइजी ट्रेंट रॉकेट्स की भी सह-मालिक है। बता दें कि केकेआर ने साल 2012, 2014 और 2024 में आईपीएल का खिताब जीता है, जबकि 2021 में टीम उपविजेता रही थी।