लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि देश बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर है.

समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारत में बेरोज़गारी, कमज़ोर पड़े मैन्युफ़ैक्चरिंग सेक्टर और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का ज़िक्र किया.

बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को दुष्प्रचार और भारत को बदनाम करने की कोशिश बताया है.

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत के आर्थिक मॉडल ने क़रीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था. उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा आर्थिक रास्ते पर चलते रहने से देश गंभीर मुश्किलों में पड़ सकता है.

उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी सरकारी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये अर्थव्यवस्था की कमज़ोर पड़ी बुनियाद को मज़बूत करने में नाकाम रही हैं.

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया.

गौरव भाटिया ने कहा कि भारत का लोकतंत्र स्थिर और अर्थव्यवस्था मज़बूत है. उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को ''झूठ और दुष्प्रचार से भरा'' बताते हुए आरोप लगाया कि इनमें तथ्यों पर आधारित रिसर्च नहीं है.

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसा मॉडल अपनाकर भारत को अस्थिर करना चाहते हैं.

भाटिया ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उन्हें ''ग़ैरज़िम्मेदार'' और ''भारत विरोधी'' बताया.