नई दिल्ली: सुबह के ट्रेड में निफ्टी और सेंसेक्स तेजी के साथ खुले। निफ्टी में 0.1 परसेंट और सेंसेक्स में 0.11 परसेंट तेजी रही। बाजार में जारी पॉजिटिव धारणा का फायदा उठाते हुए हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (Hindustan Copper Limited) का शेयर 7.23% उछल गया। बीएसई पर यह 151.60 रुपये पर पहुंच गया जो इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर है। कीमत में तेजी के साथ-साथ इसके वॉल्यूम में भी 2.27 गुना तेजी देखने को मिली। इससे पता चलता है कि निवेशक इसे हाथोंहाथ ले रहे हैं। इसके साथ ही इस मिनीरत्न कंपनी का मार्केट कैप 14,713.27 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 31 जुलाई को इसके मैनेजमेंट में बदलाव किया गया है। घनश्याम दास गुप्ता ने खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स के यूनिट हेड का पद आधिकारिक रूप से संभाल लिया है। यह यूनिट हिंदुस्तान कॉपर का हिस्सा है। गुप्ता ने एनआईटीके से माइनिंग में इंजीनियरिंग की है। साथ ही उनके पास फर्स्ट क्लास माइन्स मैनेजर सर्टिफिकेट ऑफ कंप्टीटेंसी भी है।
गुप्ता के पास माइनिंग इंडस्ट्री में 28 साल से ज्यादा का अनुभव है। साथ ही वह भारत और विदेशों में भी काम कर चुके हैं। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की स्थापना 1967 में की गई थी। यह देश की पहली पीएसयू था और इसका काम देश में कॉपर का उत्पादन करना था। इसने नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की जिम्मेदारी संभाली थी। यह कॉपर प्रॉडक्शन की पूरी प्रोसेस पर काम करती है। इसमें माइनिंग से लेकर कॉपर को मार्केट रेडी प्रॉडक्ट में बदलना शामिल है। पिछले पांच साल में कंपनी का प्रॉफिट 30 परसेंट के सीएजीएआर के साथ बढ़ा है। साथ ही कंपनी ने 29.9 परसेंट का शानदार डिविडेंड दिया है।
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड ने अपने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। मल्टीबैगर स्टॉक ऐसे शेयरों को कहा जाता है जिनमें काफी ग्रोथ देखी जाती है। यह शब्द पीटर लिंच ने गढ़ा था। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड इस परिभाषा में फिट बैठती है। पिछले तीन साल में कंपनी के शेयरों में 326 परसेंट तेजी आई है। इस कंपनी में सरकार की 66.14 परसेंट हिस्सेदारी है। निवेशकों को इस ट्रेंडिंग स्टॉक पर करीबी नजर रखनी चाहिए।