भोपाल, देश के जिस मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस दो महीने से देशभर में प्रदर्शन कर रही है, उन्हें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल) पहचानते तक नहीं हैं। इसका खुलासा खुद अजय सिंह ने किया।
दरअसल, 23 नवंबर को इकोनॉमिक अफेंस विंग (EOW) के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे दिव्यांशु की शादी थी। इसमें ज्ञानेश कुमार और अजय सिंह भी शामिल हुए थे। यहां अजय सिंह ने ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो खिंचवाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी।
जब मीडिया ने उनसे पूछा कि पार्टी जिस व्यक्ति का विरोध कर रही है, उसके साथ वे फोटो क्यों खिंचवा रहे हैं तो अजय सिंह ने कहा- “मुझे नहीं मालूम कि वो व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं।”
CEC संग फोटो वायरल होने के बाद BJP ने अजय सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने X पर लिखा- “अजय जी, आप तो ऐसे न थे! गांधी परिवार से इतना डर आखिर किसलिए? बीजेपी ने कहा अजय सिंह नर्सरी के बच्चे नहीं, जो किसी से डर जाएं।
ज्ञानेश कुमार भोपाल में दो दिन रहे
बता दें कि EOW के डीजी उपेंद्र जैन, ज्ञानेश कुमार के जीजा हैं। कांग्रेस लगातार ज्ञानेश कुमार पर भाजपा का साथ देने, वोट चोरी और SIR प्रक्रिया में पक्षपात करने का आरोप लगा रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 23 नवंबर को सुबह 7:55 बजे भोपाल पहुंचे थे। वे दो दिन शहर में रहे और 25 नवंबर को सुबह 8:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
उनके भोपाल से जाने के करीब सवा आठ घंटे बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके लिए पार्टी के वॉट्सएप ग्रुपों में कार्यकर्ताओं को तुरंत प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का मैसेज भेजा गया।
मैसेज में लिखा गया कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी कार्यालय पहुंच रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं को वहां आने के लिए कहा गया। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे पीसीसी कार्यालय के सामने ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया गया।
अजय सिंह की फोटो और सफाई
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह (राहुल) ने EOW के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी की तस्वीरें फेसबुक पर पोस्ट की थीं। एक फोटो में वे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, डीजी उपेंद्र जैन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ नजर आ रहे हैं।
जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने पहुंचे अजय सिंह से जब मीडिया ने इस फोटो के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा-

मैं थोड़ा स्पष्ट कर दूं। मेरी फोटो किसी ने वायरल नहीं की। मैंने खुद फेसबुक पर डाली है। मुझे नहीं मालूम कि वो व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं। उपेंद्र जैन हमारे सीधी जिले के सबसे पहले एसपी थे। उनकी पहली पोस्टिंग सीधी में हुई थी। उनके एक बेटे की शादी का रिसेप्शन था। वहां पहुंचे तो नरेंद्र सिंह तोमर भी खड़े थे। एक-दो सज्जन और भी खड़े थे। किसी ने परिचय नहीं कराया। फोटो खींची गई।