कुर्सी छोड़ने के बाद भी फुल एक्टिव, मंत्रियों की जनसुनवाई से पहले अचानक जेडीयू ऑफिस पहुंच गए नीतीश, जानें
Updated on
29-06-2026 01:30 PM
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार सोमवार को औचक निरीक्षण के लिए अचानक पटना स्थित जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। उनके इस औचक दौरे से पार्टी दफ्तर में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अचानक हलचल तेज हो गई और सभी अलर्ट मोड में आ गए। नीतीश कुमार के साथ जेडीयू एमएलसी संजय गांधी और उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। दफ्तर में आज होने वाली मंत्रियों की जनसुनवाई से ठीक पहले नीतीश कुमार वहां पहुंचे थे। उन्होंने करीब 10 मिनट तक पूरे कार्यालय परिसर का घूम-घूमकर जायजा लिया और वहां मौजूद कुछ लोगों से बातचीत करने के बाद रवाना हो गए।मंत्रियों की जनसुनवाई से पहले पहुंचे पूर्व सीएम
सोमवार को जेडीयू कार्यालय में बिहार सरकार के मंत्रियों की नियमित जनसुनवाई का कार्यक्रम तय था। आज बिहार सरकार के मंत्री लेशी सिंह, श्रवण कुमार और सुनील कुमार को कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को सुनने के लिए बैठना था। मंत्रियों के आने और जनसुनवाई की औपचारिक शुरुआत होने से ठीक पहले ही नीतीश कुमार का काफिला वहां पहुंच गया।