नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमानों की घटती संख्या के बीच स्वदेशी तेजस फाइटर जेट कार्यक्रम को रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सरकारी विमान निर्माता कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ( HAL ) ने 31 मार्च 2027 तक तेजस Mk-1A के 16 से 18 विमान वायुसेना को सौंपने का लक्ष्य रखा है। यह एक पूरी स्क्वॉड्रन के बराबर संख्या है।
खास बात यह है कि वायुसेना ने साफ कर दिया है कि विमानों को स्वीकार करने के लिए उनकी परिचालन क्षमता और जरूरी मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह वायुसेना मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस दिशा में सहमति बनी। बैठक में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और HAL के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रवि के. भी शामिल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, तेजस Mk-1A से जुड़े हार्डवेयर संबंधी मुद्दे, जिनमें हथियारों के परीक्षण से जुड़ी समस्याएं भी शामिल थीं, सुलझा ली गई हैं। रडार समेत कुछ सॉफ्टवेयर संबंधी दिक्कतों पर भी काम अंतिम चरण में है।
डिलीवरी से पहले जरूरी सर्टिफिकेट हासिल करेगा HAL

विमानों को वायुसेना के इस्तेमाल के लिए सौंपने से पहले HAL को कुछ महत्वपूर्ण औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। कंपनी बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्दीनेस एंड सर्टिफिकेशन (CEMILAC) से रिलीज टू सर्विस डॉक्यूमेंट (RSD) हासिल करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके अलावा डायरेक्टरेट जनरल ऑफ एयरोनॉटिकल क्वालिटी एश्योरेंस से सिग्नल-आउट सर्टिफिकेट भी लेना होगा।

ये दस्तावेज किसी नए विमान को निर्धारित परिचालन परिस्थितियों और स्वीकृत उड़ान सीमाओं के भीतर इस्तेमाल करने की अनुमति देते हैं। HAL का लक्ष्य है कि सभी जरूरी मंजूरियां लेकर मार्च 2027 के अंत तक पूरी स्क्वॉड्रन वायुसेना को सौंप दी जाए।

180 विमानों का ऑर्डर

वायुसेना ने HAL को तेजस Mk-1A के कुल 180 विमानों के ऑर्डर दिए हैं। इनमें 83 विमानों का पहला सौदा फरवरी 2021 में हुआ था, जबकि 97 अतिरिक्त विमानों के लिए सितंबर 2025 में दूसरा अनुबंध किया गया। दोनों सौदों की कुल कीमत करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये है।

पहले ऑर्डर के विमानों की डिलीवरी मार्च 2024 से शुरू होनी थी, लेकिन इंजन की आपूर्ति में देरी और जरूरी प्रमाणपत्र मिलने में आई अड़चनों के कारण कार्यक्रम लगभग दो साल पिछड़ गया। अमेरिकी कंपनी जीई एयररोस्पेस की ओर से F404-IN20 इंजन समय पर नहीं मिलने को भी इसकी बड़ी वजह माना गया। HAL अब पहले ऑर्डर को अगले तीन से चार वर्षों में पूरा करने की तैयारी में है। दूसरे ऑर्डर के विमानों की आपूर्ति 2027-28 से शुरू होने की उम्मीद है।

तेजस Mk-1A की जरूरत इसलिए भी अहम है क्योंकि वायुसेना के पास फिलहाल स्वीकृत 42.5 स्क्वॉड्रन के मुकाबले सिर्फ 29 लड़ाकू स्क्वॉड्रन हैं। पिछले साल छह दशक से ज्यादा समय तक सेवा देने के बाद मिग-21 विमानों की विदाई हो चुकी है। ऐसे में स्वदेशी तेजस वायुसेना की लड़ाकू क्षमता मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

पुराने तेजस से कितना अलग होगा Mk-1A? जानिए इसकी खासियत

तेजस Mk-1A सिर्फ पुराने तेजस का नया संस्करण नहीं है, बल्कि इसमें एवियोनिक्स, रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और हथियारों से जुड़ी कई अहम क्षमताएं जोड़ी गई हैं। इसे आधुनिक हवाई युद्ध की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है।

AESA रडार: एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड ऐरे (AESA) रडार से दुश्मन के विमानों और अन्य लक्ष्यों का पता लगाने और उन्हें ट्रैक करने की बेहतर क्षमता मिलती है।

  • इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम: एडवांस्ड सेल्फ प्रोटेक्शन जैमर और रडार वॉर्निंग सिस्टम दुश्मन के रडार और हवाई खतरों से बचाव में मदद करते हैं।

  • हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें: विमान में बियॉन्ड विजुअल रेंज (BVR) क्षमता के लिए अस्त्र और कम दूरी की हवाई लड़ाई के लिए ASRAAM जैसी मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • आधुनिक कॉकपिट और एवियोनिक्स: स्मार्ट मल्टीफंक्शन डिस्प्ले, एडवांस्ड मिशन कंप्यूटर और डिजिटल मैप जनरेटर पायलट को मिशन से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

  • हवा में ईंधन भरने की क्षमता: एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग सिस्टम से उड़ान के दौरान ईंधन भरा जा सकता है, जिससे मिशन की अवधि और परिचालन क्षमता बढ़ती है।