
भोपाल। राज्य के ऊपर से गुजर रहे तीन मौसम प्रणालियों के कारण लगभग हर जिला वर्षा से सराबोर है। शनिवार से लेकर मंगलवार तक प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में जोरदार वर्षा हुई, लेकिन बुधवार को इसमें थोड़ी कमी देखने को मिली।
बुधवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा 43 मिलीमीटर वर्षा सीहोर में दर्ज की गई। इसके अलावा खरगौन में 38 मिलीमीटर, श्योपुर में 28 मिलीमीटर, खंडवा में 21 मिलीमीटर, छिंदवाड़ा में 16 मिलीमीटर, राजधानी भोपाल में 15 मिलीमीटर, शहडोल में 14 मिलीमीटर और विदिशा में 9.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।
उत्तर-पश्चिम से गुजर रही मानसूनी द्रोणिका और लो प्रेशर एरिया के कारण वर्षा हो रही है। इस बीच बुधवार को बंगाल की खाड़ी में एक और नया लो प्रेशर एरिया बन गया है। इसका प्रभाव प्रदेश में 15 अगस्त से दिखेगा, जिससे प्रदेश में एक बार फिर तेज वर्षा का नया दौर शुरू होगा।