बीते दिनों एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और उनके ससुर वाशु भगनानी से जुड़ी 12 जगहों पर मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापेमारी की थी। इस एक्शन के बाद आयकर विभाग का कोई बयान तो नहीं आया, लेकिन अब एक हफ्ते बाद 35 साल की एक्ट्रेस ने इस पर खुद चुप्पी तोड़ी है। 'रामायणम् पार्ट 1' में शूर्पणखा का किरदार निभा रही रकुल ने सोमवार सुबह X और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर सफाई दी है। दो टूक शब्दों में कहा है कि वह नियमित तौर पर इनकम टैक्स भरती हैं और उनका किसी भी विदेशी लेन-देन से कोई नाता नहीं है। यही नहीं, एक्ट्रेस ने यह भी कहा है कि वह सैन्य अधिकारी की बेटी हैं और इंडस्ट्री में उनका कोई 'गॉडफादर' नहीं है, उन्होंने जो भी मुकाम बनाया है, वह कड़ी मेहनत के बूते है।बीते महीने 28 सितंबर को मुंबई में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियो से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की थी। विभाग को फंड में गड़बड़ी के शक को लेकर टिप मिली थी, जिसके बाद तलाशी शुरू की गई है। जांच अधिकारियों को शक है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के नाम पर कथित तौर पर विदेश में पैसा भेजा जा रहा है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह सर्च ऑपरेशन मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में था।रकुल प्रीत सिंह बोलीं- छापेमारी मुझसे जुड़ी नहीं थी
इस एक्शन के ठीक बाद खबर आई थी कि वाशु भगनानी लंदन में हैं और वहां उनकी तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। अब रकुल प्रीत सिंह ने X पर एक लंबा-चौड़ा बयान जारी किया है। वह लिखती हैं, यह देखकर बहुत दुख होता है कि खुद को ऑनलाइन रिपोर्टर कहने वाले लोगों और कुछ मुख्यधारा के मीडिया पत्रकारों के बीच बिना तथ्यों की जांच-पड़ताल किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का चलन बढ़ रहा है। इसलिए, आइए इस मामले को एक बार और हमेशा के लिए साफ कर दें। इनकम टैक्स की तलाशी (छापेमारी) मुझसे जुड़ी नहीं थी।'रकुल ने खुद को बताया 'जिम्मेदार नागरिक', कहा- मेरा कोई गॉडफादर नहीं
रकुल प्रीत सिंह ने आगे लिखा, 'मैं बताना चाहता हूं कि मैं आर्म्ड फोर्सेज (सशस्त्र बलों) के बैकग्राउंड से आती हूं और इंडस्ट्री में मेरा कोई 'गॉडफादर' नहीं था। मैंने कड़ी मेहनत से अपना मुकाम बनाया है और कानून का पालन करने वाले एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर 20 साल की उम्र से ही अपने टैक्स भरती आ रही हूं।'रकुल प्रीत सिंह ने कहा- मैं किसी गैर-कानूनी विदेशी लेन-देन का हिस्सा नहीं
'यारियां' से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली रकुल प्रीत सिंह कहती हैं, 'मैं व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी भी तरह के गैर-कानूनी विदेशी पैसे के लेन-देन में शामिल नहीं हूं। मैं यह भी कहना चाहूंगी कि देश या विदेश में कहीं भी, किसी के भी नाम पर मेरे पास कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। न तो मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ति तोहफे में दी है और न ही मैं सिद्धांत के तौर पर ऐसे महंगे तोहफे स्वीकार करती हूं।'एक्ट्रेस ने आखिर में की अपील
एक्ट्रेस ने आखिर में लिखा है, 'मैं उन सभी लोगों से अपील करती हूं जिन्होंने ये झूठी, दुर्भावनापूर्ण और अटकलों पर आधारित खबरें छापी हैं, कि वे इन्हें वापस लें और तथ्यों को स्पष्ट करें। मैं समझती हूं कि मीडिया का कारोबार चलाने वाले हर व्यक्ति पर, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो, अपने व्यावसायिक दबाव होते हैं। लेकिन यह सब तथ्यों की कीमत पर नहीं हो सकता। और निश्चित रूप से किसी की प्रतिष्ठा और आजीविका की कीमत पर तो बिल्कुल नहीं।'इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी क्यों की थी?
इससे पहले 28 सितंबर को 'TV9' की रिपोर्ट में बताया गया था कि मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कई टीमों ने रकुल प्रीत और वाशु भगनानी से जुड़े 12 जगहों पर छापेमारी की और डॉक्यूमेंट्स, फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स खंगाले। इसमें कथित विदेशी लेन-देन की डिटेल्स की जांच की गई। आयकर विभाग को बीते कुछ समय से जानकारी मिल रही थी कि फिल्म की शूटिंग, विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजी जा रही थी।
वाशु भगनानी कौन हैं?
दिल्ली में पैदा हुई रकुल प्रीत सिंह की शादी जैकी भगनानी से हुई है जो वाशु भगनानी के बेटे हैं। वाशु भगनानी पूजा फिल्म्स के नाम से प्रोडक्शन कंपनी चलाते हैं। उनका प्रोडक्शन बैनर 'पैनोरमा स्टूडियोज' भी है, जिसके तहत कई हिट फिल्में बनी हैं। इनमें अजय देवगन की 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी भी शामिल है।रकुल प्रीत सिंह का परिवार, भाई और करियर
रकुल प्रीत सिंह ने साल 2009 में कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' से एक्टिंग डेब्यू किया था। 2011 में उन्होंने 'केरतम' से तेलुगू फिल्मों में कदम रखा। जबकि 2014 में हिंदी फिल्म 'यारियां' में नजर आईं। दिल्ली में 10 अक्टूबर 1990 को पैदा हुईं रकुल एक पंजाबी सिख परिवार से हैं। उनके पिता कुलविंदर सिंह भारतीय सेना में अधिकारी थे और उनकी मां का नाम राजिंदर कौर है। परिवार में उनके छोटे भाई अमन प्रीत सिंह है, जो एक एक्टर हैं।
रकुल प्रीत सिंह के भाई का ड्रग्स केस में आया था नाम
बीते साल दिसंबर 2025 में मुंबई पुलिस ने ड्रग्स के एक मामले में रकुल प्रीत सिंह के भाई अमन प्रीत सिंह की तलाश शुरू की थी। 19 दिसंबर, 2025 को ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (EAGLE) फोर्स की एलीट एक्शन ग्रुप और वेस्ट जोन पुलिस के ऑपरेशन में, ड्रग्स बेचने के आरोप में दो बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 43 ग्राम कोकीन और 11.5 ग्राम MDMA जब्त किया गया। शक था कि अमन प्रीत सिंह ने उन दो ड्रग तस्करों से पांच बार अवैध नशीले पदार्थ खरीदे थे।दिवाली पर रिलीज होगी 'रामायणम् पार्ट 1'
रकुल प्रीत सिंह के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इन दिनों नितेश तिवारी की 'रामायणम् पार्ट 1' में शूर्पणखा के रोल को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म इसी साल दिवाली के मौके 06 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। इसमें रणबीर कपूर ने भगवान राम का किरदार निभाया है। जबकि साई पल्लवी ने मां सीता, रवि दुबे ने लक्ष्मण और यश ने रावण का रोल किया है।