'सावधान इंडिया' होस्ट सुशांत सिंह का खुलासा- मैं भी फ्रॉड का शिकार होते-होते बचा, धर-दबोचने के लिए फेंका जाल

Updated on 12-10-2023 03:11 PM
छोटे-बड़े पर्दे के जाने-माने एक्टर को सबसे ज्यादा शोहरत मिली है टीवी शो सावधान इंडिया से। 'सत्या', 'कौन', 'जंगल', 'लिपस्टिक अंडर माय बुरखा', 'गुड लक जेरी' जैसी अनेकों फिल्मों में दमदार भूमिकाएं करने वाले सुशांत एक बार फिर 'सावधान इंडिया' के एंकर के रूप में दिख रहे हैं। उनसे एक खास मुलाकात।

एक अंतराल के बाद आप सुशांत इस शो से जुड़े हैं। वे कहते हैं, 'बहुत अच्छा लग रहा है, जब से ये शो शुरू हुआ, मैं इसके साथ जुड़ा हूं और तबसे हम एक-दूसरे की पहचान बन गए हैं। बीच में कई लोगों के मेसेजेस आते रहे कि मैं कब शो से जुड़ूंगा? इससे जुड़ना मेरे लिए घर वापसी जैसा अहसास है। मेरे लिए यह नई जर्नी, नई शुरुआत है।' अपने शो के बारे में वे कहते हैं, हमने अब तक अपने पूरे शो में विक्टिम को तवज्जो दी है। लेकिन पहली बार हम इस बात पर फोकस कर रहे हैं कि क्रिमिनल का दिमाग कैसे चलता है? हमने अब तक इस पहलू को दर्शाया नहीं था। हमें लगा कि अगर हम अपराधी की मानसिकता भी समझें, तो यह पीड़ित और दर्शकों के लिए जागरूकता तो फैलाएगा ही, साथ-साथ मनोरंजक भी होगा। आपके आस-पास अगर इस तरह की मानसिकता के लोग होते हैं, तो आप उनके बर्ताव से सतर्क हो सकते हैं। इसके लिए क्रिएटिव टीम ने क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट से भी बात की। मगर हमारा मुख्य मुद्दा अभी भी अपराध को लेकर अवेयरनेस ही है। हमारी कोशिश यही है कि एक आम इंसान और अपराधी के बर्ताव में बारीक-सा जो अंतर है, उसे आप पहचान पाएं।

उसे रंगे हाथों पकड़ कर पैसे वसूले

अपने शो के जरिए दर्शकों को सावधान करने वाले सुशांत क्या कभी किसी अपराध का शिकार हुए हैं? इस पर वे एक रोचक किस्सा बयान करते हुए कहते हैं, 'मेरे संघर्ष के शुरुआती दिनों की बात है। मैं मेरी पत्नी जो तब मेरी गर्लफ्रेंड थी और मेरा दोस्त, हम तीनों साथ रहने का प्लान बना रहे थे। हमें पता चला कि तारापुर टावर में फ्लैट खाली है और उस फ्लैट में हमारी ब्रोकरी बच सकती है, स्ट्रगलिंग डेज में आपको और क्या चाहिए होता है कि आपकी घर की दलाली बच जाए। हम तीनों वहां गए, हमें घर पसंद आया और हम 500 रुपए अडवांस भी देकर आ गए। हमारे अडवांस पेमेंट के बावजूद हमने देखा कि अखबार में हमार वाले घर का विज्ञापन अभी भी छप रहा है। देख कर हमारा माथा ठनका और हम लोगों ने जब फोन करके पता करना चाहा, तो मालूम हुआ कि उस फ्लैट का एड दो अलग-अलग लोग कर रहे हैं। हम लोग समझ गए कि दाल में कुछ काला है, सो हमने दूसरे नाम से फोन किया, तो वो ब्रोकर बोला, आ जाइए, फ्लैट दिखा देते हैं। हमने जब गहराई से पूछताछ की, तो पता चला कि ओरिजिनल ओनर के अलावा एक फ्रॉड ब्रोकर उस घर का ओनर बन कर धोखाधड़ी से लोगों से अडवांस लेकर लोगों को लूट रहा है। ये 96-97 की बात है, तब 5000 भी बहुत बड़ी रकम हुआ करती थी। हम दोस्तों ने उस फ्रॉड को धर दबोचने का जाल फेंका और दूसरी पार्टी बन कर उससे मिले, उसे रंगे हाथों पकड़कर अपने पैसे वसूल किए।

जुर्म करने वाला आखिरकार पकड़ा जाता है

एक तरफ आपके शो को अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए सराहा जाता है, तो दूसरी तरफ यह आरोप भी लगता है कि ये अपराधियों को जुर्म करने का रास्ता देते हैं। इस मुद्दे पर सुशांत कहते हैं, ‘मैं आपकी बात से असहमति नहीं जताऊंगा, इसके दो पहलू जरूर हैं। मैं मानता हूं कि इस तरह के शोज से अपराधी सीख सकते हैं, मगर हम तो सतर्क रहने को कहते हैं।हमारा नया सीजन इसी मुद्दे पर है कि हम क्रिमिनल साइकोलॉजी को समझें। मैं मानता हूं कि इस शो को देखकर दस लोग यदि अवेयर होते हैं, तो एक अपराधी ये भी सोच सकता है कि मैं परफेक्ट क्राइम कैसे करूं, मगर फिर देखने वाली बात ये भी है कि हमारे एपिसोड में तो जुर्म करने वाला पकड़ा ही जाने वाला है। तो यह देखने वाले की सोच पर निर्भर करता है कि वो क्या सीखना चाहता है, मगर ये तय है कि जुर्म करने वाला एक ना एक दिन गिरफ्त में जरूर आता है।

आवाज बुलंद करता हूं, प्रतिक्रियाओं की परवाह नहीं करता

सोशल मीडिया हो या कोई पब्लिक प्लैटफॉर्म आप अपना मत हमेशा निर्भर होकर रखते आए हैं। इसी के चलते 2019 में आपको खामियाजा के तहत शो से अलग होना पड़ा था क्योंकि आपने सिटीजन शिप अमेंडमेंट एक्ट के विरोध में हिस्सा लिया था, तो क्या वो मसला अब सुलझ गया है? इस पर सुशांत कहते हैं, ‘देखिए, बतौर इंसान मैं जैसा था, वैसा ही हूं। अब मायने ये रखता है कि सावधान इंडिया से मैं पहले भी जुड़ा हुआ था और आज भी हूं। ना मैं बदला हूं और ना सावधान बदला है। जहां तक सोशल मीडिया की बात है, तो शुरुआत में मुझे इसका काफी खामियाजा भुगतना पड़ा, जब ट्रोलिंग की शुरुआत हुई थी। फिर मैं इसे हैंडल करना सीख गया। अब तो में इसे इग्नोर कर देता हूं। अगर मैं किसी सचाई के साथ खड़ा हूं या फिर किसी इंसाफ की लड़ाई में जुटा हूं, तो मेरे कंट्रोल में वही है, मुझे अपनी आवाज बुलंद करनी है। अब मेरे मत पर आई प्रतिक्रियाओं पर मेरा नियंत्रण नहीं है। उस पर कोई क्या कहेगा, मैं उसे रोक नहीं सकता। तारीफ हो या आलोचना मैं प्रभावित नहीं होता। अपने कन्विक्शन पर चलता हूं।

दमदार भूमिकाएं डिजर्व करता हूं

अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में वे कहते हैं। अपनी नृत्यांगना पत्नी मोलीना सिंह के बारे में वे कहते हैं, 'आज मुझमें जितना भी ठहराव है, मेरी पत्नी (नृत्यांगना मोलीना सिंह) की वजह से है। कई बार मैं भावावेश में आ जाता हूं, मगर वे मुझे संतुलित करती हैं। जहां तक मेरे काम की बात है, तो जल्द ही मैं दो वेब सीरीज में दिखूंगा। हालांकि मुझे भी लगता है कि जिस तरह के दमदार रोल मुझे मिलने चाहिए थे, मिले नहीं हैं। मैं उनका हकदार हूं। हालांकि वो भी मेरे हाथ में नहीं है। मुझे जितना काम मिलता है, मैं ईमानदारी से करता हूं और आगे भी करता रहूंगा।'


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 24 June 2026
दूसरे पद्म अवॉर्ड्स सम्मान समारोह में, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिनेमा, संगीत, जनसेवा और कला जैसे क्षेत्रों में योगदान के लिए कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित कर रही हैं।…
 24 June 2026
बॉलीवुड की उम्दा कलाकारों में से एक रहीं नफीसा अली कैंसर के इलाज के दौरान एक नई जिंदगी को खुलकर जी रही हैं। इस बीमारी से लड़ने के बाद खुद…
 24 June 2026
'पंचायत' सीरीज की पूरी कास्ट को अब पूरा देश जानता है, लेकिन किसी ने नहीं सोचा होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कास्ट के कई फेमस चेहरों को पहचानते हैं।…
 24 June 2026
बेंगलुरु की एक अदालत ने साउथ सिनेमा के नामी एक्टर प्रकाश राज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट फिर से जारी किया है। यह कदम कर्नाटक समेत तीन राज्यों की चार अलग-अलग…
 24 June 2026
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्‍म‍िका मंदाना की 'कॉकटेल 2' जहां पहले वीकेंड के बाद अब वीकडेज में हिचकोले खा रही है, वहीं इम्‍त‍ियाज अली के डायरेक्‍शन में बनी 'मैं…
 24 June 2026
बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेसेस में शुमार कटरीना कैफ और उम्दा एक्टर विक्की कौशल पिछले साल 7 नवंबर 2025 को पैरेंट बने। फैन्स उनके सोशल मीडिया अकाउंट छानते रहते हैं…
 24 June 2026
सुपरस्‍टार रजनीकांत के फैंस जहां उनकी फिल्‍म 'जेलर 2' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बुधवार को दिग्‍गज एक्‍टर की 173वीं फिल्म 'धर्मन' का फर्स्‍ट लुक टाइटल पोस्‍टर…
 23 June 2026
'धुरंधर' एक्टर राकेश बेदी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो जिम के अंदर नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने दिखाया है कि उनके…
 23 June 2026
'भाबीजी घर पर हैं!' में विभूति नारायण का किरदार निभाकर घर-घर मशहूर हुए आसिफ शेख आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। 42 साल पहले अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत…
Advt.