लखनऊ: मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को सीतापुर के एक वकील के शामिल होने की सूचना मिली है। आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप अफसर रही दिव्या की हत्या उसके पति मानस बाजपेयी ने गोली मारकर कर दी थी। पुलिस जांच में पता चला है कि सीतापुर के किसी वकील से मानस बाजपेयी ने 3 हथियार हासिल किए थे।मानस बाजेपयी एसबीआई बैंक में अकाउंटेंट था। पुलिस को उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। उसने कम समय में तीन हथियार- दो पिस्टल और एक तमंचे का इंतजाम किया था। पुलिस को शक है कि वकील ने मानस को हथियारों के किसी सप्लायर से संपर्क करने में मदद की होगी। जल्द ही वकील से पूछताछ की जा सकती है।पुलिस के लिए बना पहेली
मानस का कोई आपराधिक बैकग्राउंड न होने के कारण कम समय में तीन हथियार हासिल करना पुलिस के लिए एक बड़ी पहेली बन गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या हथियारों के सप्लायरों के साथ उसके पहले से कोई संबंध थे या हथियार खास तौर पर 18 अगस्त को फैमिली कोर्ट की सुनवाई के बाद हासिल किए गए थे।
कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, मानस के कॉन्टैक्ट्स और बातचीत की जांच के बाद वकील का नाम सामने आया। पुलिस कॉल-डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की भी जांच कर सकती है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियारों को हासिल करने से ठीक पहले बाजपेयी और वकील के बीच कोई बातचीत हुई थी या नहीं।