भोपाल। मैं पिछले 16-17 वर्षों से मुंबई में बतौर संगीत निर्देशक काम कर रहा हूं। मेरा फरर्मेट शुरू से ही फिल्म की कहानी के अनुरूप संगीत रचने का रहा है और मैं अपने गीतों में लोक संगीत (फोक) का उपयोग हमेशा करता हूं। फिल्म ''हनुमान अंश'' में भी कुछ ऐसी ही स्थिति थी। निर्देशक को कहानी के हिसाब से कुछ अलग तरह का गीत चाहिए था।
मैंने जब जिद पे आ गई पार्वती... गीत लिखा और धुन भी बना दी, लेकिन जब कोई उपयुक्त गायक नहीं मिला तो निर्देशक के कहने पर मैंने ही इसे गा भी दिया और यह गाना सुपरहिट हो गया।यह कहना है चर्चित फिल्म ''हनुमान अंश'' के संगीत निर्देशक एवं गायक साधु तिवारी का।रवींद्र भवन में चल रहे मालवा उत्सव के तहत इंडिमून आर्ट्स फेस्टिवल में प्रस्तुति देने आए साधु तिवारी ने नवदुनिया से चर्चा में अपने संगीतमय सफर, लोकभाषा और एआई के प्रभाव पर खुलकर विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि जब हनुमान अंश के लिए टाइटल सांग तैयार किया था, तब यह उम्मीद तो थी कि इसे पसंद किया जाएगा, लेकिन यह इतना लोकप्रिय होगा कि 10-10 महीने के छोटे बच्चे भी इसे गुनगुनाने लगेंगे, इसकी कल्पना नहीं थी। बता दें कि इससे पहले वे ''गुलाब गैंग'' और ''द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर'' जैसी फिल्मों में भी अपनी आवाज दे चुके हैं।
मौलिकता और अनुभव का कोई विकल्प नहीं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते चलन पर साधु तिवारी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि तकनीकी दौर में भी मौलिक कला और कलाकारों को महत्व मिल रहा है। उन्होंने कहा, "हम भी तकनीक का उपयोग करते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल कलाकारों के काम को आसान बनाने और मदद करने के लिए होना चाहिए, न कि किसी कलाकार का रोजगार छीनने के लिए। एक रचनाकार अपने अनुभव और संवेदनाओं से जो रचता है, उसका अपना अलग महत्व है।
लोकभाषा को उसकी असली खूबसूरती के साथ मिले मंच
फिल्मों में क्षेत्रीय संगीत के बढ़ते रुझान पर उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी माटी, भाषा और संस्कृति से जुड़ा संगीत हमेशा पसंद आता है। भोपाल से लेकर मालवा के छोटे कस्बों तक हर क्षेत्र की अपनी समृद्ध संगीत परंपरा है। लोकभाषा का चलन और बढ़ना चाहिए, लेकिन इसे तोड़-मरोड़कर पेश करने के बजाय इसकी असली खूबसूरती और मौलिकता के साथ मुख्यधारा में जगह मिलनी चाहिए।साधु तिवारी ने भविष्य की योजनाओं पर कहा कि वे आगे भी भक्ति संगीत की विधा में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुझे अवसर मिला, तो मैं 50 भजन गाना चाहूंगा।