नई दिल्ली: धर्म के आधार पर भारत की जनसंख्या का अनुपात 2070 में कैसा होगा। ये बताने के लिए प्यू रिसर्च सेंटर ने एक रिसर्च रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में अभी तक के आंकड़ों का भी जिक्र है, जिससे पता चलता है कि हिंदू और मु्स्लिम आबादी के बीच अंतर तेजी से कम हो रहा है। साल 2027 तक भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। वहीं, मुस्लिम जनसंख्या के मामले में इंडोनेशिया को पछाड़कर पाकिस्तान टॉप पर आ जाएगा।
भारत की कुल आबादी में अभी मुसलमानों का हिस्सा अभी 15 प्रतिशत है, जो साल 2070 में बढ़कर 20 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि, इसके बाद भी देश की आबादी में हिंदुओं का हिस्सा तीन-चौथाई से ज्यादा रहेगा। आंकड़े ये भी बताते हैं कि मुस्लिम महिलाएं अब औसतन कम बच्चे पैदा कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत की मुस्लिम आबादी हिंदुओं की तुलना में तेज तेजी से बढ़ती रहेगी। सवाल है आखिर ऐसा क्यों, तो इसका जवाब मुस्लिम युवाओं की औसत उम्र में छिपा है।
80% तक बढ़ेगी मुसलमानों की जनसंख्या

साल 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत आयु 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल दर्ज की गई। 5 साल का ये गैप इसलिए मायने रखता है, क्योंकि ज्यादा युवा लोग बच्चे भी ज्यादा पैदा करते हैं। प्यू रिसर्च की रिपोर्ट यह भी बताती है कि दुनिया भर में मुसलमानों की संख्या 2020 और 2070 के बीच 80% तक बढ़ेगी। ऐसा होने पर ईसाई धर्म पिछड़कर दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगा और तब दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी मुसलमानों की हो जाएगी।
हिंदू-मुस्लिम प्रजनन दर में कितना अंतर

  • साल 1992-93 में मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर 4.4 फीसदी थी।

  • साल 2019-21 में गिरकर मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर 2.36 हो गई।

  • मुस्लिमों की प्रजनन दर परिवार नियोजन अपनाने के कारण घटना का अनुमान।

  • हिंदू महिलाओं में प्रजनन दर साल 1992-93 में प्रति महिला 3.3 बच्चे थी।

  • साल 2019-21 में हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर घटकर 1.94 हो गई थी।

  • 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं का हिस्सा लगभग 79 फीसदी है।

  • 2070 तक भारत के अंदर हिंदुओं की आबादी का हिस्सा घटकर 76% हो जाएगा।

धर्मों पर रिसर्च के लिए कहां से आया डाटा

प्यू रिसर्च सेंटर की जिस रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है, उसे 'विश्व धर्मों का भविष्य: जनसंख्या वृद्धि अनुमान, 2020-2070' नाम दिया गया है। स्टडी में 201 देशों और 7 धर्मों के लोगों को शामिल किया गया है। प्यू रिसर्च ने ये स्टडी करने के लिए इन देशों में रहने वाले लोगों की उम्र, प्रजनन दर, मृत्यु दर, प्रवास और 'धार्मिक बदलाव' से जुड़े डाटा का इस्तेमाल किया। हालांकि, प्यू रिसर्च सेंटर ने चेतावनी दी कि जंग, महामारी, आर्थिक संकट और प्राकृतिक आपदाओं जैसी घटनाएं आबादी के रुझान को बदल सकती हैं।

भारत में मुस्लिम आबादी तेजी से क्यों बढ़ेगी?

प्यू (Pew) का अनुमान है कि भारत में मुस्लिम आबादी 2020 के 21.3 करोड़ से बढ़कर 2070 तक 33.4 करोड़ पहुंच जाएगी। मतलब साफ है कि 2020 से 2070 तक इन 50 सालों में करीब 12.1 करोड़ लोगों की बढ़ोतरी होगी। इस अवधि में भारत की हिंदू आबादी 17.6 करोड़ बढ़ेगी। प्रतिशत में देखा जाए तो हिंदुओं की जनसंख्या बढ़ने की स्पीड मुस्लिमों के मुकाबले काफी धमी रहेगी।