नई दिल्ली: साल 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए कुख्यात सैंडपेपरगेट बॉल टेंपरिंग विवाद के जिन्न ने आठ साल बाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में तूफान खड़ा कर दिया है। उस्मान ख्वाजा और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के ताजा और चौंकाने वाले खुलासों के बाद अब वर्ल्ड कप विजेता कप्तान पैट कमिंस अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन का मानना है कि इन नए दावों के बाद कमिंस की टेस्ट कप्तानी पर बेहद भारी दबाव आ गया है और जनता के गुस्से के सामने उनके लिए इस पद पर बने रहना नामुमकिन सा नजर आ रहा है।
उस्मान ख्वाजा के बयान को पैट कमिंस ने बताया था बकवास
पूरे विवाद की नई कड़ी तब जुड़ी जब उस्मान ख्वाजा ने 8 साल बाद इस घटना के लिए पूरी टीम की सामूहिक जिम्मेदारी की मांग उठाई। हालांकि पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावों को पूरी तरह बकवास बताते हुए खारिज कर दिया, लेकिन कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बेबाक कॉलम ने कमिंस और अन्य खिलाड़ियों के लिए बचने के सारे रास्ते लगभग बंद कर दिए हैं। बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में विस्तार से बताया कि कैसे रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए उनकी कमिंस सहित अन्य गेंदबाजों से बात हुई थी कैसे उनकी इस हरकत का जश्न मनाया गया था और टीम के मीडिया मैनेजर को छोड़कर ड्रेसिंग रूम का लगभग हर सदस्य इस पूरी योजना से वाकिफ था।
जॉनसन ने किया बैनक्रॉफ्ट का सपोर्ट
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने अपने कॉलम में साफ तौर पर कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पक्ष का समर्थन किया है। जॉनसन ने लिखा, 'मुझे बैनक्रॉफ्ट की बात पर पूरा भरोसा है। यह बिल्कुल सच्ची लगती है और जब वह ये बातें कह रहे थे तो मैं उनके शब्दों को महसूस कर सकता था। उन्होंने बिना किसी दिखावे के अपनी बात रखी है और अब उनके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। उनका यह बयान अन्य खिलाड़ियों से सुने गए सबसे विस्तृत बयानों से भी पूरी तरह मेल खाता है।'
नहीं बच पाएगी पैट कमिंस की कप्तानी
मिचेल जॉनसन के अनुसार साल 2021 में सभी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें गेंद की स्थिति बदलने के लिए किसी बाहरी वस्तु के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी और कमिंस अब भी उसी बयान पर टिके रहने की कोशिश करेंगे। लेकिन जॉनसन का मानना है कि अब हालात हाथ से निकल चुके हैं। उन्होंने लिखा, 'कमिंस पर अब दबाव बहुत ज्यादा है। मुझे लगता है कि वह अभी भी अपनी पुरानी बात और 2021 के गेंदबाजों के बयान पर कायम रहने की कोशिश करेंगे लेकिन अब उन पर टेस्ट कप्तान का पद छोड़ने का सार्वजनिक दबाव इतना अधिक होगा कि वह इसे झेल नहीं पाएंगे। मुझे समझ नहीं आता कि उनकी कप्तानी और व्यक्तिगत छवि इस तूफान से कैसे बच पाएगी।'
दूसरी ओर, इस बढ़ते बवाल को शांत करने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की गवाही सुनने के लिए एक स्वतंत्र मंच बनाने की घोषणा की है।