ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, ग्रामीणों ने फूंका क्रशर:सूरजपुर में तहसीलदार और थाना प्रभारी को बनाया बंधक; अलग-अलग हादसों में 4 मौतें

Updated on 18-10-2026 01:16 PM

छत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। शनिवार रात सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी। मौके पर पहुंचे एसडीओपी, थाना प्रभारी और तहसीलदार को भी बंधक बना लिया था।

दूसरा मामला अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक का है। शुक्रवार रात यहां जगराता कार्यक्रम के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी में बुलेट सवार युवक का गला फंस गया। श्वासनली कटने से उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना से नाराज परिजन और समुदाय के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने आयोजन समिति के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

तीसरा मामला कोरबा के गोपालपुर का है, जहां शुक्रवार रात तेज रफ्तार बुलेट ने जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम बंद करने पड़े। इसमें एक अन्य महिला और बुलेट सवार तीन युवक घायल हुए हैं। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

केस 1 - TI, SDOP को बनाया बंधक

शनिवार रात सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग चक्काजाम कर दिया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान मामला हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी। मौके पर पहुंचे एसडीओपी, थाना प्रभारी (टीआई) और तहसीलदार को भी बंधक बना लिया।

महिला बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर घर लौट रही थी। एक क्रशर के गिट्टी लोड ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मारी, पहिया उनके ऊपर से निकल गया। ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया।

हादसे के बाद भड़के ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रखा है। उनकी मांग है कि बस्ती के अवैध क्रशर को हटाया जाए, ड्राइवर को पकड़ा जाए और मृतक परिवार को मुआवजा मिले।

केस 2 - सड़क पर बंधी रस्सी से कटी श्वासनली

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक में दुर्गा पंडाल के पास जगराते का आयोजन किया गया था। इसके लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच सड़क पर आवागमन रोकने के लिए दोनों ओर बांस गाड़कर मोटी रस्सी बांधी गई थी। आगे यातायात विभाग की बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी।

16 अक्टूबर की रात मायापुर निवासी फैजान आलम अपने साथी समीर के साथ बुलेट से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। बताया जा रहा है कि सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं देने के कारण वह सीधे उससे टकरा गया। रस्सी फैजान के गले में फंस गई और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे में फैजान और उसका साथी समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। समीर का इलाज जारी है। मृतक के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है।

हंगामे के बाद जगराता बंद कराया

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जयस्तंभ चौक पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया। परिजन और मुस्लिम समुदाय के लोग थाने पहुंचे और आयोजन समिति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

आयोजन समिति के सदस्यों पर FIR

पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया था।

केस 3 - कोरबा में बुलेट ने महिलाओं को रौंदा, दो की मौत

जानकारी के मुताबिक 16 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गोपालपुर की 7 से 9 महिलाएं मादर, थाप और ढोल लेकर गांव के पास स्थित ठाकुर देवता स्थल पर कीर्तन-भजन और जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट पर सवार तीन युवक वहां से गुजरे।

बताया जा रहा है कि बुलेट अनियंत्रित हो गई और महिलाओं की टोली को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन महिलाएं बुलेट की चपेट में आ गईं। इनमें से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतकों की पहचान 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं। वहीं, बुलेट चला रहा राहुल नाम का युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद जगराता कार्यक्रम बंद

बुलेट पर पीछे बैठे दो अन्य युवकों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोपालपुर में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम को बंद करना पड़ा। त्योहार के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पताल से सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बयान दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दर्री-गोपालपुर में तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं को टक्कर मारी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 18 October 2026
छत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। शनिवार रात सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला…
 18 October 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती काली कार पर 3 लड़कियों ने स्टंटबाजी की। इसका वीडियो भी सामने आया है। गरबा ड्रेस पहनकर एक युवती कार के बोनट पर लेटी…
 18 October 2026
छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक दक्षिणी हिस्से में मौसम बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने बालोद, धमतरी, गरियाबंद समेत 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने…
 18 October 2026
कवर्धा । उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कबीरधाम जिले के ग्राम लोहझरी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन में बैठकर उनकी मांग, समस्याएं सुनीं और गांव की जरूरतों…
 18 October 2026
कवर्धा। नवरात्रि के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम सारंगपुर कला, कारेसरा और मड़मड़ा में कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार…
 18 October 2026
रायपुर । विवेकानंद नगर स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में सर्वमंगलमय वर्षावास के तहत 18 अक्टूबर से नौ दिवसीय शाश्वत नवपद ओली आराधना शुरू होगी। मुनि संवेगरत्न सागर आदि ठाणा की पावन…
 17 October 2026
कोरबा । कोरबा जिले के विकासखंड कोरबा अंतर्गत पोड़ीबहार वार्ड निवासी रामानंद बिंझवार के लिए अपना पक्का घर बनाना लंबे समय से एक सपना था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण…
 17 October 2026
कोरबा । कोरबा शहर के पथर्रीपारा वार्ड निवासी उत्तमाबाई पति रमाकांत के लिए अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखना महत्वपूर्ण था। श्रमिक कार्ड बनने के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ भवन एवं…
 17 October 2026
कोरबा। शहर के पास रहने वाले साहिबलाल कर्स के परिवार के लिए बिजली बिल का बढ़ता खर्च चिंता का विषय था। हर महीने बिल जमा करने से घरेलू बजट पर…
Advt.