मुंगेली, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गाकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के सभाकक्ष में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बैंकर्स एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कैडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा। कार्यशाला में एनआरपी श्री गगन बिहारी भुइया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, एनआरएलएम के अधिकारी एवं कैडर्स उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों, स्वयं सहायता समूहों की बैंक लिंकेज प्रक्रिया तथा आईईएलए से संबंधित प्रावधानों एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
         प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को वित्तीय समावेशन, बैंक लिंकेज की प्रक्रिया और आईईएलए से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की वित्तीय आवश्यकताओं, बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच तथा मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने में बैंकर्स एवं कैडर्स की भूमिका को समझाया गया। कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान किया गया। विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल एवं प्रभावी बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों को समय पर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
       इस अवसर पर बैंकर्स एवं एनआरएलएम कैडर्स के बीच आपसी समन्वय को मजबूत बनाने, बैंक लिंकेज प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को समझने तथा स्वयं सहायता समूहों को अधिक प्रभावी ढंग से वित्तीय सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने, उनकी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।